अम्बेडकरनगर: किछौछा दरगाह में 639वां वार्षिक उर्स व मेला जारी है। दरगाह पर दूर दराज से श्रद्धालुओं के आने का क्रम काफी तेज हो चुका है। जिलाधिकारी द्वारा मेला तैयारी बैठक के दौरान दिए गए निर्देशों का बिजली विभाग पर कोई असर नहीं पड़ा है जिसके कारण कई स्थानों पर बिजली की केबलों में आग लगने का क्रम भी जारी है।
मंगलवार की रात्रि में मेला परिसर के बाईपास मार्ग पर स्थित जामे सूफिया के सामने बिजली की शॉर्ट सर्किट से श्रद्धालुओं में भय का माहौल पैदा हो गया। काफी देर तक बिजली की तड़तड़ाहट जारी रही और केबलों में आग लग गई। उक्त स्थान पर एक दिन पूर्व भी शॉर्ट सर्किट हुई थी लेकिन फिर भी बिजली विभाग मूकदर्शक बना रहा। मेला परिक्षेत्र में कहीं व कभी भी बिजली की केबलों में शॉर्ट सर्किट हो जाती है जिससे जायरीनों श्रद्धालुओं में भय व्याप्त हो जाता है। गत दिनों सलामी गेट के निकट मुख्य मार्ग पर भी बिजली की शॉर्ट सर्किट हुई थी जिससे अफरातफरी मच गई थी लेकिन मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता से बड़ा हादसा नहीं हो सका था।स्थानीय लोगों में भी बिजली विभाग की घोर लापरवाही को लेकर काफी आक्रोश है। जिलाधिकारी के निर्देशों पर बिजली विभाग मेला से पूर्व तैयारी करता तो बार बार शॉर्ट सर्किट की समस्या ना पैदा होती। बिजली विभाग को पता था कि मेला के दौरान भारी भीड़ उमड़ती है और भीड़ बढ़ने के कारण बिजली की मांग भी बढ़ती है जिसका असर सीधा केबिलों पर ही आता है। बहरहाल दरगाह किछौछा का 639 वां वार्षिक उर्स व मेला में भीड़ काफी तेजी से बढ़ती नज़र आ रही है और वहीं बिजली विभाग अपनी लापरवाही का सबूत देता भी दिखाई दे रहा है। लगातार केबलें की शॉर्ट सर्किट से श्रद्धालुओं सहित स्थानीय लोगों में भय व आक्रोश बना हुआ है।




