अम्बेडकरनगर: टाण्डा-मया मार्ग पर इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के अवसानपुर में स्थित पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां पीछे से आ रही एक अज्ञात बाइक ने वृद्ध दंपति को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बाइक सवार मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार थाना गोसाईगंज क्षेत्र के ईशापुर महबूबगंज निवासी राम बक्स पुत्र फिरिंगी अपनी पत्नी सविता के साथ महामाया मेडिकल कॉलेज में भर्ती एक मरीज को देखने जा रहे थे। जैसे ही वे टाण्डा-मया मार्ग पर अवसानपुर पेट्रोल पंप के सामने पहुंचे, पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक अज्ञात बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और घायलों को संभाला, लेकिन काफी देर तक एम्बुलेंस मौके पर नहीं पहुंच सकी। ग्रामीणों की मदद से पहले दोनों को स्थानीय चिकित्सक को दिखाया गया, जिसके बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राइवेट वाहन से महामाया मेडिकल कॉलेज टाण्डा में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा है कि यदि समय पर एम्बुलेंस पहुंच जाती तो घायलों को जल्दी अस्पताल पहुंचाया जा सकता था। वहीं अज्ञात बाइक सवार की तलाश की मांग भी उठने लगी है।





