अम्बेडकरनगर: कटका थाना क्षेत्र के भियांव चौरा गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब खेत की ओर गए ग्रामीणों को गांव के ही एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। मृतक की पहचान पप्पू (उम्र 48 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पप्पू रोज़ की तरह सुबह 9 बजे मजदूरी के लिए घर से निकला और शाम करीब साढ़े पांच बजे वापस आया। बाद में वह कुछ सामान खरीदने के लिए साइकिल से बाजार गया, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा। परिजनों ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर खोजबीन शुरू की, मगर कोई सुराग नहीं लगा। दूसरे दिन सुबह जब ग्रामीण खेत की ओर शौच के लिए गए तो देखा कि नहर के किनारे पप्पू का शव पड़ा है और पास ही उसकी साइकिल भी गिरी हुई है। मृतक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए, जिससे किसी अप्रिय घटना की आशंका जताई जा रही है।घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर कटका पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी प्रेमचंद ने बताया कि “परिजनों की ओर से अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।”
मृतक के परिवार में तीन पुत्रियाँ और एक पुत्र है। पप्पू ही पूरे परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसकी असामयिक मृत्यु से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




