अम्बेडकरनगर: घर की साफ-सफाई करते समय करंट की चपेट में आए इमलीपुर निवासी 25 वर्षीय शिवम सिंह की मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
जानकारी के अनुसार शिवम घर में झाड़ू-पोछा कर रहा था कि अचानक बिजली के पोल से जुड़े तार में उतरे करंट ने उन्हें अपनी गिरफ्त में ले लिया। चीख-पुकार के बीच परिजन दौड़े, लेकिन तब तक वह अचेत होकर गिर पड़े। आनन-फानन में डायल 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शिवम की मौत ने पूरे परिवार को निराशा और बेबसी के अंधेरे में धकेल दिया है। उनकी शादी महज़ दो साल पहले हुई थी और गोद में अभी एक साल का मासूम बेटा नीलांश है, जिसे शायद अभी ये भी नहीं पता कि उसके सिर से पिता का साया उठ चुका है। परिवार की यह दूसरी बड़ी घटना है। शिवम के बड़े भाई रघुवेंद्र सिंह उर्फ बंटी सिंह की चार साल पहले बीमारी से मौत हो चुकी है। उनके पीछे भी लगभग 10 साल का बेटा है, जो अब पिता की ममता के लिए तरसता है। अब इस परिवार में बूढ़े मां-बाप, विधवा बहुएं और मासूम बच्चे ही रह गए हैं। शिवम ही घर का इकलौता सहारा थे। उनकी असमय मौत से मां-बाप का लाठी का सहारा छिन गया, पत्नी की मांग उजड़ गई और मासूम बेटे का बचपन अंधकार में डूब गया। गांव में हर किसी की आंखें नम हैं। सूचना पर पहुंची जलालपुर पुलिस ने शव का पंचनामा करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।




