अम्बेडकरनगर: पीडब्ल्यूडी की भूमि से अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम को भाजपा नेताओं व व्यापार मंडल के विरोध का सामना करना पड़ा जिसके कारण एक दिन के लिए अभियान रोक दिया गया लेकिन बुधवार को भारी पुलिस बल के साथ पहुंची टीम ने पुनः अभियान चला कर अतिक्रमण को मुक्त कराया जिसकी क्षेत्र में खूब चर्चा हो रही है।
शासन की मंशानुसार अतिक्रमण मुक्त अभियान के तहत जलालपुर क्षेत्र में जब राजस्व, लोक निर्माण व पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मंगलवार अतिक्रमण हटाने पहुंची तो भाजपा नेताओं व व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने विरोध शुरू कर दिया।
जलालपुर उप जिलाधिकारी राकेश गुप्ता, तहसीलदार गरिमा भार्गव, क्षेत्राधिकारी अनूप कुमार सिंह और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों की मौजूदगी में शुरू हुए अतिक्रमण हटाओ अभियान को विरोध के चलते बीच में ही रोकना पड़ा। मौके पर काफी देर तक बहस और तकरार का माहौल रहा, जिसके कारण टीम को बिना कार्यवाही के लौटना पड़ा। विरोध के बाद प्रशासन ने बुधवार को एक बार फिर से अभियान शुरू किया।




