अम्बेडकरनगर: सामाजिक संस्था हुसैनी सोशल फ्रंट की बैठक शुक्रवार देर शाम अकबरपुर नगर के मीरानपुर में हुई। इसमें तीन तलाक जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा की गई और साथ ही शिया समाज के उत्थान को लेकर कई जरूरी निर्णय लिए गए। इसके साथ ही गत दिवस पाकिस्तान में सौ से अधिक शिया समाज के लोगों की हत्या किए जाने की निंदा की गई।
बैठक के दौरान ख्वाजा शफाअत हुसैन एडवोकेट ने कहा कि पाकिस्तान में जिस प्रकार से शिया समुदाय के सौ से अधिक बच्चों व महिलाओं तथा पुरुषों की हत्या की गई है, वह अत्यंत निंदनीय है। संयुक्त राष्ट्र संघ को इसे गंभीरता दिखना चाहिए। पाकिस्तान में शिया समुदाय की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाया जाएं। भारत सरकार से भी इस संबंध में जरूरी कदम उठाए जाने की मांग की। तलाक के मुद्दे पर कहा कि बीते कुछ वर्ष से तलाक की संख्या बढ़ी है। इस पर अंकुश लगाए जाने की जरूरत है।
अध्यक्ष रेहान जैदी ने कहा कि तलाक जैसी कुप्रथा को जड़ से समाप्त करने के लिए हम सभी को गंभीरता दिखानी होगी। इसके लिए लोगों को जागरूक करना होगा। यदि किसी परिवार में पति पत्नी के बीच कोई विवाद हो, तो हम सभी की जिम्मेदारी है कि दोनों पक्षों से बात कर मामला सुलझाएं। इस सम्बन्ध मे संस्था द्वारा जल्द परामर्श केन्द्र भी खोला जाऐगा, गालिब अब्बास व कल्बे आबिद ने कहा कि बीते कुछ वर्ष से एक प्रचलन और भी तेजी के साथ बढ़ा है, वह यह कि किसी के निधन के बाद होने वाली मजलिसों में फिजूलखर्ची हो रही है। इसे रोकना होगा।
अब्बास रिजवी ने कहा कि सामाजिक विकास में हम सभी को मिल जुलकर कदम उठाना होगा। अध्यक्षता कर रहे मौलाना सै मोहम्मद अब्बास व इमामे जुमा मौलाना अकबर अली ने पाकिस्तान में हुई घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि ऐसी वारदात की पुनरावृत्ति न हो, इसे लेकर संयुक्त राष्ट्र को ठोस कदम उठाना होगा। उन्होंने समाज में शिक्षा का स्तर बढ़ाए जाने पर भी जोर दिया। इस दौरान मौलाना अकबर अली वायज़, मौलाना सै मोहम्मद अब्बास, अहमद मेहदी, रहबर तकवी, सरवर हुसैन जैंदी,जुल्फेकार,अस्करी आदि मौजूद रहे।





