अम्बेडकरनगर: जनपद मुख्यालय के अकबरपुर में स्थित प्रसिद्ध गांधी आश्रम सोमवार को उस वक्त खौफ और खून से लाल हो गया, जब एक महिला की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतिका कोई आम महिला नहीं, बल्कि सेंट जॉन स्कूल की शिक्षिका और भाजपा नेता उमा शंकर सिंह की पत्नी सोनी सिंह थीं। वारदात ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। घटना स्थल पर आलाधिकारियों सहित भाजपा से जुड़े लोग भी पहुंच गए हैं।
शहर के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में हुई इस नृशंस हत्या ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। सोनी सिंह का खून से लथपथ शव किचन में मिलने की खबर फैलते ही जनपद में सनसनी मच गई। सोनी सिंह का गला रेता गया है जिससे अत्याधिक रक्तस्राव हुआ और मौके पर ही मौत हो गई।
मृतिका सोनी सिंह का मायका आज़मगढ़ जनपद के अतरौलिया क्षेत्र के गोरहरपुर गांव में है, जबकि ससुराल अम्बेडकरनगर जनपद के भीटी क्षेत्र स्थित मदार भारी गांव में था। एक शिक्षिका, एक सम्मानित परिवार की बहू और एक राजनीतिक रूप से चर्चित परिवार से जुड़ी महिला की इस तरह हत्या ने हर किसी को सन्न कर दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कप्तान अभिजीत आर. शंकर, एडिशनल एसपी हरेन्द्र सिंह, कोतवाली निरीक्षक श्रीनिवास पांडेय मौके पर पहुंचे और जांच का दावा कर रहे हैं, लेकिन हकीकत यह है कि हत्या का कारण अब तक अंधेरे में है। न कोई ठोस सुराग, न कोई खुलासा हालांकि आत्महत्या की भी चर्चाएं हो रही है लेकिन शव व घटना स्थल साफ साफ हत्या की तरफ इशारा कर रहे हैं।
घटना स्थल पर मृतिका के पति वरिष्ठ भाजपा नेता उमा शंकर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष त्रयम्बक तिवारी सहित भाजपा से जुड़े अन्य लोग भी पहुंच गए हैं। मृतिका गांधी आश्रम परिसर में किराए के कमरे पर निवास करती थी।
दिनदहाड़े, जनपद मुख्यालय में, गांधी आश्रम जैसे प्रतिष्ठित स्थान पर गला रेतकर हत्या… यह सिर्फ एक अपराध नहीं, बल्कि अम्बेडकरनगर की कानून-व्यवस्था पर सीधा हमला है। सवाल यह भी उठ रहा है कि हत्यारे इतने बेखौफ कैसे हो गए कि उन्हें न पुलिस का डर है, न कानून का?
फिलहाल पुलिस “जल्द खुलासा” का रटा-रटाया दावा कर रही है, लेकिन तब तक सोनी सिंह की यह निर्मम हत्या अम्बेडकरनगर के माथे पर एक काले धब्बे की तरह दर्ज हो चुकी है। पुलिस हत्या के पीछे का कारण पता करने का प्रयास कर रही है।




