अम्बेडकरनगर: अंतर्राष्ट्रीय क़ुद्स दिवस के मौके पर अलविदा जुमे की नमाज़ के बाद जनपद अम्बेडकरनगर में फ़िलिस्तीन के मज़लूमों के समर्थन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के बाद प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए फ़िलिस्तीन में हो रहे अत्याचारों को रोकने और मस्जिदे अल-अक्सा की आज़ादी के लिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ठोस कदम उठाने की मांग की।
सभा को संबोधित करते हुए जामा मस्जिद अकबरपुर के पेश इमाम मौलाना अकबर अली, मौलाना मीसम और रेहान ज़ैदी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय क़ुद्स दिवस दुनिया भर में हो रहे ज़ुल्म और मानवाधिकार उल्लंघन के खिलाफ आवाज़ उठाने का प्रतीक है। वक्ताओं ने कहा कि फ़िलिस्तीन के निर्दोष नागरिकों पर हो रहे अत्याचार मानवता के खिलाफ हैं और इन्हें तुरंत रोका जाना चाहिए। उन्होंने बैतुल मुक़द्दस स्थित मस्जिदे अल-अक्सा की पवित्रता और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से हस्तक्षेप की मांग की।
कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शनकारियों ने अमेरिका और इज़राइल के खिलाफ नारेबाज़ी करते हुए फ़िलिस्तीन के समर्थन में आवाज़ बुलंद की।
प्रतिनिधिमंडल द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में नौ प्रमुख मांगें रखी गईं, जिनमें फ़िलिस्तीन के नागरिकों की सुरक्षा, उनके मानवाधिकारों की रक्षा, मस्जिदे अल-अक्सा की पवित्रता बनाए रखने तथा भारत सरकार से अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर फ़िलिस्तीन के अधिकारों के समर्थन में प्रभावी आवाज़ उठाने की अपील शामिल रही। इसके साथ ही संयुक्त राष्ट्र और अन्य अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के माध्यम से मध्य-पूर्व में स्थायी शांति स्थापित करने के लिए कूटनीतिक प्रयास तेज करने की भी मांग की गई।
ज्ञापन में क्षेत्रीय देशों की संप्रभुता का सम्मान करने, आतंकवाद और निर्दोष लोगों की हत्या के खिलाफ सख्त वैश्विक नीति अपनाने तथा सभी धर्मों के पवित्र स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की गई। साथ ही सऊदी अरब के मदीना शहर स्थित ऐतिहासिक जन्नतुल बक़ी कब्रिस्तान में हज़रत फ़ातिमा ज़हरा समेत अन्य पवित्र हस्तियों के मज़ारों के सम्मानजनक पुनर्निर्माण की मांग भी उठाई गई।
प्रतिनिधिमंडल ने यह ज्ञापन नायब तहसीलदार अकबरपुर देवेन्द्र श्रीवास्तव को सौंपा। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
इस अवसर पर मौलाना नदीम, कासिम, कल्बे आबिद, डॉ. आमिर अब्बास, इसरार हुसैन, अहमद मेंहदी, अली अस्करी नकवी, इम्तियाज हुसैन, जफर अब्बास ‘जीयो’, गालिब अब्बास, आरिफ अनवर, डॉ. हैदर मेंहदी, रईस, जुल्फेकार सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।




