अम्बेडकरनगर: नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा में विकास कार्यों को लेकर बड़ी पहल सामने आई है। प्रदेश सरकार के नगर विकास, शहरी समग्र विकास एवं ऊर्जा विभाग के मंत्री ए.के शर्मा ने नगर क्षेत्र में नाला निर्माण, सीसी रोड और इंटरलॉकिंग सड़क के लिए करीब 3.85 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दिए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इससे नगर में लंबे समय से लंबित बुनियादी समस्याओं के समाधान की उम्मीद बढ़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा में जलनिकासी और सड़कों की बदहाल स्थिति को देखते हुए प्रस्ताव भेजा गया था। इस पर कार्रवाई करते हुए मंत्री ए.के शर्मा ने पत्र के माध्यम से अवगत कराया कि नाला निर्माण के लिए लगभग 195.80 लाख रुपये तथा सीसी रोड एवं इंटरलॉकिंग निर्माण के लिए करीब 190 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान करने की प्रक्रिया आगे बढ़ा दी गई है। संबंधित पत्र आवश्यक कार्रवाई के लिए नगर विकास विभाग को भेज दिया गया है। पूर्व विधायक संजू देवी व नगर पंचायत अध्यक्ष ओमकार गुप्ता ने मुख्यमंत्री व ऊर्जा मंत्री का धन्यवाद ज्ञापित किया है।
बताया जा रहा है कि इस प्रस्ताव को पूर्व विधायक संजू देवी द्वारा उठाया गया था, जिसके बाद शासन स्तर पर इस पर पहल की गई। अब विभागीय प्रक्रिया पूरी होते ही नगर में इन विकास कार्यों की शुरुआत होने की उम्मीद है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार और नगर पंचायत में अध्यक्ष ओमकार गुप्ता के कार्यकाल में विकास को गति मिलने लगी है। नाला और सड़क निर्माण की स्वीकृति को “ट्रिपल इंजन सरकार” के असर के रूप में भी देखा जा रहा है।
फिलहाल नगरवासियों की नजर अब इस बात पर टिकी है कि स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जमीन पर काम कब शुरू होगा और नगर की जलनिकासी व सड़क की समस्या कब तक दूर होगी।








