02 करोड़ से अधिक लागत से बनेगा आधुनिक होटल, 6 माह में निर्माण पूरा होने का लक्ष्य
अम्बेडकरनगर (रिपोर्ट: आलम खान एडिटर) जिले में पर्यटन और उद्योग को नई रफ्तार देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। टांडा क्षेत्र में आजमगढ़ हाईवे पर इनामिपुर फ्लाईओवर के पास बनने जा रहे होटल ‘अनुग्रह पैलेस’ का गुरुवार को विधि-विधान के साथ भूमिपूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने भूमि पूजन कर परियोजना की शुरुआत की और कहा कि प्रदेश सरकार की पर्यटन नीति के तहत जिले में निवेश और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
करीब 02 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाले इस भव्य होटल में बड़े-बड़े हॉल, आधुनिक कमरे और तमाम आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। बताया गया कि होटल का निर्माण लगभग 06 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
प्रदेश सरकार की पर्यटन नीति के तहत होटल व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए 25 प्रतिशत तक की सब्सिडी, महिला उद्यमियों को 05 प्रतिशत अतिरिक्त सब्सिडी, सोलर लाइट पर प्रोत्साहन और जमीन खरीद सहित कई प्रकार की रियायतें दी जा रही हैं।
भूमिपूजन कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष साधू वर्मा, उपयुक्त उद्योग एच पी मौर्य, जिला पर्यटन अधिकारी अनुपम सिंह, टांडा ब्लॉक प्रमुख सुरजीत वर्मा, राइस मिल एसोसिएशन के अध्यक्ष राम अजोर वर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
जिले में बनने जा रहे इस होटल से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होने की उम्मीद जताई जा रही है।








