अम्बेडकरनगर: टांडा कोतवाली पुलिस ने पीआरवी 5330 पर ड्रोन उड़ने की भ्रामक खबर देने वाले लकी यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
टांडा कोतवाली में तैनात एसआई विवेक कुमार मिश्रा की तहरीर पर मुकदमा संख्या 308/25 पर 212(ए) व 196(1)(बी) के तहत लकी यादव पुत्र रविन्द्र यादव निवासी पकड़ी भोजपुर के खिलाफ भ्रामक सूचना देकर आम जनमानस में भय व असुरक्षा की भवना उत्पन्न करने के कारण मुकदमा दर्ज कर लिया है।
आरोपी लकी यादव द्वारा गत 16 सितंबर की रात्रि लगभग 09:30 बजे रात्रि में पीआरवी 5330 को सूचना दी गई थी कि पकड़ी भोजपुर गाँव मे ड्रोन उड़ रहा है, जो चोरी व लूट के लिए रेकी कर रहा है। उक्त सूचना की जांच एसआई विवेक कुमार मिश्रा द्वारा की गई, एसआई श्री विवेक का दावा है कि जांच में उक्त सूचना भ्रामक व गलत मिली और उक्त भ्रामक सूचना से आम जनमानस में भय व असुरक्षा की भावना पैदा हो गई।
बहरहाल जनपद के कई गांव से रात्रि के समय कई कई ड्रोन उड़ने की सूचनाएं लगातार मिल रही है, लेकिन उक्त ड्रोन की हकीकत सामने नहीं आ रही है, हकीकत जानने के लिए कई लोगों द्वारा स्थानीय पुलिस को सूचनाएं भी दी जा रही है। उक्त सूचना की जांच के बाद भ्रामक व फ़र्ज़ी सूचना मिलने व अफवाह फैला कर भय व असुरक्षा पैदा करने का प्रयास करने वालों पर पुलिस लगातार कठोर कार्यवाही भी कर रही है। उक्त क्रम में जनपद के विभिन्न थानों पर कई मुकदमा भी पंजीकृत हो चुका है। टांडा पुलिस ने भी इस तरह की भ्रामक सूचना देने वाले लकी यादव के खिलाफ शनिवार को मुकदमा दर्ज कर लिया है।




