अम्बेडकरनगर: सोशल मीडिया पर ड्रोन के सहारे चोरो द्वारा रेकी करने की भ्रामक सूचना सोशल मीडिया के एक्स प्लेटफार्म पर ट्वीट करने वाले को चिन्हित करते हुए अकबरपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तत्काल गिरफ्तार कर लिया है।
अकबरपुर कोतवाली निरीक्षक श्रीनिवास पांडेय का दावा है कि सोशल मीडिया के एक्स प्लेटफार्म पर दिलीप वर्मा द्वारा @official_kisan की आईडी से ट्विट किया गया कि “आजकल गाँव मे चोर बहुत एक्टिव है, ड्रोन का उपयोग भी चोरी में हो रहा है, ड्रोन से लोगों के के घर की रेकी हो रही है, लोग परेशान हैं, रात में खुद पहरा दे रहे है, ये हाल डीएम निवास के पास के गाँव मे है, साहब ज़रा ध्यान दें” उक्त बातें अम्बेडकरनगर पुलिस व जिलाधिकारी अम्बेडकरनगर को मेंशन कर ट्वीट किया गया है। पुलिस का दावा है कि इस तरह की भ्रामक ख़बरें सोशल मीडिया पर कुछ शरारती तत्वों द्वारा जानबूझ कर प्रेषित की जा रही है और बताया जा रहा है कि गाँव में ड्रोन उड़ रहा है तथा पत्थर इत्यादि फेंके जा रहे हैं, इस प्रकार की खबरे आने से आम जनता में असुरक्षा, असन्तोष व भय पूर्ण वातावरण बन रहा है। अकबरपुर पुलिस ने इस तरह की सूचना ट्वीट करने वाले दिलीप वर्मा के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 712/25 पर धारा 196(1) ख बीएनएस व 66 आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया और आरोपी दिलीप वर्मा को गिरफ्तर करने का दावा अकबरपुर पुलिस द्वारा किया गया।
जनपदीय पुलिस द्वारा भविष्य में भी ऐसी भ्रामक/अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने की चेतावनी जारी किया है।




