अम्बेडकरनगर जनपद के व्यापारियों और उद्यमियों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर ने कलेक्ट्रेट सभागार में व्यापारियों एवं उद्यमियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं और हर स्तर पर सुरक्षा व सुविधा का भरोसा दिया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर पुलिस अधीक्षक, सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी समेत विद्युत, उद्योग, बैंकिंग और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान व्यापारियों ने बिजली, राजस्व, मार्ग, सुरक्षा और प्रशासनिक प्रक्रियाओं से जुड़ी समस्याएं विस्तार से रखीं, जिस पर अधिकारियों ने तत्काल संज्ञान लेते हुए समाधान के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने स्पष्ट कहा कि जनपद में व्यापार और उद्योग का सुरक्षित माहौल बनाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यापारी या उद्यमी को किसी प्रकार की दिक्कत हो तो सीधे संबंधित एसडीएम, सीओ, एसपी या उन्हें अवगत कराएं, समस्या का त्वरित और प्रभावी समाधान किया जाएगा। उन्होंने सभी व्यापारियों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के दबाव में न आएं और निडर होकर अपना कारोबार करें।
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर ने कहा कि व्यापारियों और उद्यमियों पर अनुचित दबाव या धमकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसी किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई होगी और शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट के प्रतिनिधियों, पेट्रोल पंप संचालकों, टेक्सटाइल कारोबारियों, व्यापार मंडल के पदाधिकारियों समेत विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े व्यापारी मौजूद रहे। वहीं अधीक्षण अभियंता (विद्युत), जिला पूर्ति अधिकारी, अग्रणी जिला प्रबंधक, सहायक उपायुक्त उद्योग और अन्य विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए गए।
प्रशासन की इस पहल से व्यापारियों में भरोसा बढ़ा है और उम्मीद जताई जा रही है कि जनपद में कारोबार का माहौल और मजबूत होगा।





