Llअम्बेडकरनगर: प्रशिक्षण एवं प्रचार योजना के अंतर्गत विकास खंड स्तरीय पशुपालकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम सोमवार को विकास खंड टांडा स्थित ड्वाकरा हाल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पशुपालकों को आधुनिक पशुपालन, पशुओं के रखरखाव और विभिन्न बीमारियों की रोकथाम के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
उपमुख्य पशु चिकित्साधिकारी टांडा डॉ. शिवचंद यादव ने पशुपालकों को संबोधित करते हुए कहा कि पशुओं की नियमित देखभाल, समय पर टीकाकरण और संतुलित आहार से उत्पादन बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए पशुपालकों से अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।
इस दौरान डॉ. पंकज सिंह ने मिनी नंदिनी योजना एवं बकरी पालन योजना पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए पशुपालकों को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के लोग कम लागत में बेहतर आय प्राप्त कर सकते हैं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में पशुपालक राम सागर वर्मा, संग्राम वर्मा, राम सकल वर्मा, पप्पू वर्मा सहित कई लोगों ने प्रतिभाग किया और योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में वेटरनरी फार्मासिस्ट मसलाहुद्दीन खान तथा पशुधन प्रसार अधिकारी वीरेंद्र वर्मा ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। इस अवसर पर विकास गोंड, सौरभ शर्मा, किशन वर्मा, दुर्गेश, अमित यादव, सुशील, अजय यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।




