पति सहित सास ससुर व देवर के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज
अम्बेडकरनगर: दजेज लोभियों ने विवाहिता को मौत के घाट उतार कर दीवार की खूंटी से शव को लटका दिया और हत्या को आत्महत्या दिखाने का प्रयास किया हालांकि पुलिस ने मायके वालों की शिकायत पर पति व सास ससुर सहित देवर के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना अहिरौली थाना क्षेत्र के अलबेती सरैय्यां में अशोक गौड़ की 28 वर्षीय पत्नी प्रियंका गौड़ का शव मंगलवार की देर शाम में घर के एक कमरे की दीवार लगी खूंटी पर रस्सी से लटकता हुआ मिला तो हड़कम्प मच गया। प्रियंका का विवाह पांच वर्ष पूर्व गौरा गूजर टाण्डा में हुआ था जिसका 03 वर्ष का एक बेटा भी है। मायके वालों का आरोप है कि विवाह के बाद से लगातार दहेज़ लोभियों द्वारा उसकी बेटी का उत्पीड़न किया जा रहा था जबकि यथास्थिति उनकी मांग समय समय पर पूरी भी की जाती रही है लेकिन लालच वश उसकी बेटी की हत्या कर शव को दीवार से लगी खूंटी से टांग दिया और हत्या को आत्महत्या दिखाने का प्रयास किया। अहिरौली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जहां पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था वहीं आरोपी पति अशोक गौड़ सहित ससुर विजय बहादुर गौड़, देवर अजय गौड़ व सास के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच सीओ भीटी को भेज दिया है। बुधवार देर शाम में विवाहिता के शव का महादेवा घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।





