पुलिस का खौफ कहें या फिर चोर का पश्चाताप
अम्बेडकरनगर: जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के जफरपुर गांव में हुई चोरी की घटना ने अब नया मोड़ ले लिया है। घटना के करीब एक सप्ताह बाद चोर चोरी किया गया सामान घर के पास रखकर चुपचाप फरार हो गया।
गौरतलब है कि बीते 01 अक्टूबर की रात जफरपुर गांव में दयाशंकर उपाध्याय के घर में अज्ञात चोरों ने एक घर में घुसकर अलमारी और बक्से का ताला तोड़कर लाखों रुपये के कीमती जेवरात और नकदी चोरी कर ली थी। सुबह जब परिजनों की नींद खुली तो घर का सामान बिखरा हुआ था। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की और मुकदमा दर्ज कर लिया था। बताया जा रहा है कि पुलिस की सक्रियता और लगातार की जा रही दबिशों के चलते चोरों के हौसले पस्त हो गए। मंगलवार की रात अंधेरे का फायदा उठाकर चोर चोरी किया गया पूरा सामान घर के पास रखकर फरार हो गया। बुधवार की सुबह जब परिजनों की नजर उस पर पड़ी तो वे हैरान रह गए। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
घटना अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की सख्ती और तेज कार्रवाई ने अपराधियों में भय पैदा कर दिया है।




