मिशन शक्ति का ढिंढोरा पीटने वाली सरकार बहन बेटियो की सुरक्षा करने में विफल:कृष्ण कुमार यादव कांग्रेस जिलाध्यक्ष
अम्बेडकरनगर: मालीपुर थानाक्षेत्र के भिस्वा चितौना गाँव मे शनिवार को कक्षा 12 की 17 वर्षीय छात्रा का गला घोंट कर मौत के घाट उतार दिया गया जिसकी चीख जनपद ही नहीं बल्कि सूबे की राजधानी तक पहुंच गई।
आयोध्या जॉन आईजी प्रवीण कुमार, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, पुलिस कप्तान अभिजीत आर शंकर सहित प्रशासनिक व पुलिस टीम जहां मौके पर पहुंची, वहीं सांसद, विधायक सहित सभी प्रमुख राजनीतिक पार्टियों के नेता भी पहुंच कर घटना की भर्त्सना किया।

छात्रा की हत्या का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस कप्तान अभिजीत आर शंकर ने कई टीमों को गठित किया और फोरेंसिक टीम के सहारे महत्वपूर्ण साक्ष्यों को सुरक्षित कराया। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई जबकि गला घोंट कर हत्या करने की पुष्टि हुई है। घटना के तीसरे दिन हत्यारोपियों का सुराग नहीं लगा सका है।

घटना स्थल पर पहुंचे भाजपा नेता व सांसद रितेश पांडेय व एमएलसी डॉ हरिओम पांडेय ने जहां घटना की निंदा करते हुए पुलिस की सक्रियता की सराहना किया वहीं सपा विधायक त्रिभुवन दत्त व सपा जिलाध्यक्ष जंग बहादुर यादव ने भी घटना की निंदा करते हुए हत्या का पर्दाफाश करने में हड़बड़ी ना करने एवं पीड़ित परिवार को आर्थिक मुआवजा देने की मांग किया।
बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष सुनील सावंत गौतम ने घटना पर तीखी प्रक्रिया प्रकट करते हुए कहा कि प्रशासन दुष्कर्म की घटना से इनकार कर रहा है जबकि हालात बता रहे हैं कि दुष्कर्म कर हत्या किया गया है, उन्होंने कहा कि प्रदेश कार्यालय को पत्र भेज कर घटना से अवगत कराया गया है और अति शीघ्र प्रदेश स्तरीय प्रतिनिधि मंडल भी गाँव पहुंच कर पीड़ित परिवार से मुलाकात करेगा।

एआईएमआईएम प्रदेश सचिव मुराद अली ने भी छात्रा के परिजनों से भेंट कर हरसंभव मदद करने का आश्वासन देते हुए कहा कि प्रशासन घटना का वास्तविक साक्ष्यों के आधार पर शीघ्र पर्दाफाश करे तथा पीड़ित परिवार को आर्थिक मुआवजा उपलब्ध कराए।
कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक तरफ पुलिस टीमों द्वारा मिशन शक्ति अभियान चला कर महिलाओं की सुरक्षा करने का ढिंढोरा पीटा जा रहा है तो वहीं दूसरी तरफ बहन बेटियां सुरक्षित ही नहीं हैं, उन्होंने कहा कि घटना का शीघ्र पर्दाफाश किया जाए अन्यथा न्याय दिलाने के लिए प्रदेश स्तर पर अभियान चलाया जाएगा।
बहरहाल भिस्वा चितौना गाँव में शनिवार को कक्षा 12 की छात्रा की हुई निर्मम हत्या का पर्दाफाश करने के लिए जहां प्रशासन काफी तत्परता से जुटा नज़र आ रहा है वहीं राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी घटना पर तीखी प्रक्रिया व्यक्त करते हुए घटना का शीघ्र खुलासा करने की मांग किया है। (विशेष रिपोर्ट आलम खान एडिटर मान्यता प्राप्त पत्रकार 8090884090)




