अम्बेडकरनगर: पवित्र सरयू नदी में अपने पोते के संग स्नान करने गए 65 वर्षीय बुजुर्ग के डूबने की सूचना से हड़कम्प मच गया जिससे नदी किनारे भारी भीड़ जमा हो गई और मौके पर पहुंची पुलिस बुजुर्ग का सुराग लगाने में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह जहांगीरगंज थानाक्षेत्र के गोवर्धनपुर गाँव में सरयू तट किनारे अपने पोते के साथ स्नान करने गए 65 वर्षीय राम खिलाड़ी पुत्र जगरूप निवासी सराय नीलकंठ नदी में स्नान के दौरान डूब गए। डूबते बुजुर्ग को स्थानीय लोगों ने बचाने का प्रयास भी किया लेकिन सफल ना हो सके। सूचना पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। मौके पर एसडीएम सदानन्द सरोज, सीओ अरबी सिंह व थानाध्यक्ष अतुल श्रीवास्तव सहित अन्य पुलिस कर्मी पहुंच गए और बुजुर्ग राम खिलाड़ी की तलाश में जुट गए हैं।





