अम्बेडकरनगर: राजनीति में दलित समुदाय का प्रतिनिधित्व शून्य होने के कारण दलित समाज को समुचित इंसाफ नहीं मिल रहा है।
उक्त बातें बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष सुनील सावंत गौतम ने आलापुर स्थित महुवर के बेनी का पुरवा में मृतक अमर बहादुर के परिजनों से मुलाकात कर कहा। श्री सुनील ने कहा कि गत दिनों राजकीय महाविद्यालय फत्तेपुर आलापुर में अमर बहादुर पुत्र राजितराम का शव विद्यालय के एक कमरे में संदिग्ध हालत में मिला था। उक्त मामले में पीड़ित परिवार की तहरीर पर नामजद मुकदमा भी दर्ज हुआ था लेकिन अभी तक स्थानीय पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है जबकि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं।
पीड़ित परिवार का दर्द बांटने पहुंचे बसपा जिलाध्यक्ष सुनील सावंत गौतम के साथ अयोध्या मंडल के मुख्य सेक्टर प्रभारी बलराम निषाद, जिला सचिव रमेश चंद, आलापुर विधान सभा अध्यक्ष छेदीराम मौर्य, रामसूरत दादाजी, विपिन वर्मा, प्रमोद कुमार आदि मौजूद रहे।
श्री सुनील ने कहा कि दलित समुदाय के साथ समाज व कानून दोनों न्याय नहीं कर रहे हैं जिसका मुख्य कारण दलित समुदाय का राजनीतिक प्रतिनिधित्व शून्य होना है। उन्होंने कहा कि दलित समाज के उत्थान के लिए और समाज व कानून में पूरा हक प्राप्त करने के राजनीति में भागीदारी अतिआवश्यक है। श्री सुनील ने अमर बहादुर की हत्या का शीघ्र पर्दाफाश करने एवं आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग किया है।





