परेशान दर्जनों पट्टा धारकों ने किया कठोर कार्रवाई की मांग
अम्बेडकरनगर: जलालपुर तहसील क्षेत्र के पेठिया गांव में दलित समाज को राजस्व विभाग द्वारा आवंटित आवासीय पट्टाशुदा जमीन पर जबरन कब्जा किए जाने का मामला गरमा गया है। दर्जनों पट्टा धारकों ने उपजिलाधिकारी और जलालपुर कोतवाल को शिकायती पत्र सौंपकर जमीन पर कब्जा दिलाए जाने और कथित भाजपा नेता पर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
गांव के पट्टा धारकों उमाशंकर, हरिराम, सतीराम समेत अन्य ने शिकायती पत्र में बताया कि वर्ष 2016 में गाटा संख्या 576 की बंजर भूमि थी, जिसे सरकार ने आवासीय पट्टा के रूप में दलित समाज के लोगों को आवंटित किया था। आरोप है कि गांव के ही देवेंद्रनाथ वर्मा सहित अन्य लोगों ने इस जमीन पर जबरन कब्जा कर लिया और वहां कंबाइन मशीन व ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी कर दिया। उक्त शिकायत के बाद जिलाधिकारी ने राजस्व टीम और पुलिस बल भेजकर पैमाइश कर कब्जा हटवाया था। पट्टा धारकों का कहना है कि कब्जा मुक्त होने के बाद उन्होंने जमीन की बाउंड्री कराई, लेकिन विपक्षी दोबारा दीवार गिराकर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विपक्षी जिला पंचायत सदस्य साधू वर्मा और एमएलसी डॉ हरिओम पांडेय के नाम का प्रयोग करके लगातार धमकी देते हुए दबाव बना रहा है।
इस मामले में उपजिलाधिकारी राहुल कुमार गुप्ता ने बताया कि पट्टा धारकों के शिकायती पत्र के आधार पर जांच टीम गठित कर जल्द ही मामले का निस्तारण किया जाएगा।




