जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने आमजनों से की अपील
अम्बेडकरनगर: जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने भारी वर्षा एवं आकाशीय बिजली से बचाओ के लिए एडवाइजरी जारी किया है।
अपर जिला अधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ सदानन्द गुप्ता ने आमजनों से अपील करते हुए कहा कि भारी बारिश और बिजली चमकने के समय तुरंत पक्के और सुरक्षित मकान में शरण लें तथा खुले मैदान, खेत, ऊँचे पेड़ या बिजली के खंभों के नीचे बिल्कुल न खड़े हों तथा छत पर, बालकनी पर या ऊँची जगहों पर खड़े होने से बचें।
श्री सदानन्द ने कहा कि घर में रहते समय यह सावधानियां रखें, दरवाजे और खिड़कियां अच्छी तरह बंद रखें। बिजली के उपकरणों (टीवी, फ्रिज, कंप्यूटर, डीटीएच आदि) को तुरंत प्लग से निकाल दें एवं मोबाइल चार्जिंग से हटा दें तथा तार या एंटीना के संपर्क में न आएं।
तेज़ बरसात व आकाशीय बिजली के दौरान खेतों व खुले स्थान पर काम कर रहे लोगों को बिजली की गड़गड़ाहट सुनते ही खेतों से बाहर निकलकर पक्के मकान में जाएँ और बिजली चालित मशीन या ट्रैक्टर से तुरंत दूर हट जाएँ तथा पेड़ के नीचे खड़े कदापि न रहें।
इस दौरान चारपाई या लोहे के पलंग पर न बैठें, लकड़ी की चारपाई या फर्श का उपयोग करें व लोहे जैसी चीजों को छूने से बचें।
तेज़ बरसात व बिजली कड़कने के दौरान अगर तुरंत सुरक्षित स्थान न मिले, तो लोग आपस में 3–4 मीटर की दूरी पर बैठे व पानी में जाने से बचें। नाले, नहर, पोखर या जलभराव में न जाएँ व जलभराव में करंट का खतरा रहता है।
भारी वर्षा में वाहन धीमी गति से चलाएँ, आवश्यकता न हो तो यात्रा स्थगित करें। सड़क पर गिरे बिजली के तारों से दूर रहें और बिजली विभाग या प्रशासन को सूचित करें।
पशुओं को खुले में न बाँधें, पक्के आश्रय में रखें। लोहे की रस्सी या तार से न बाँधें। आपातकालीन नंबर 112 (आपातकालीन नंबर) व जिला आपदा नियंत्रण कक्ष: 05271–244250, 244550 एवं अपने ग्राम प्रधान, लेखपाल, बीडीओ या नजदीकी थाने को तुरंत सूचित करें।
बच्चों को खुले में खेलने न दें, बुजुर्गों, विकलांग व्यक्तियों की मदद करें और सुरक्षित स्थान पर पहुँचाएँ।
डॉ सदानंद गुप्ता अपर जिला अधिकारी वित्त एवं राजस्व द्वारा जन सामान्य से अपील करते हुए कहा है कि किसी भी भ्रामक जानकारी या अफवाह पर ध्यान न दें। केवल DDMA, मौसम विभाग या प्रशासन अधिकृत माध्यम से प्राप्त संदेशों पर ही विश्वास करें। ज्यादा जानकारी और अलर्ट पाने के लिए सचेत ऐप को मोबाइल में डाउनलोड करें।




