पुराने सार्वजनिक महिला शौचालय को घोड़ा व बकरी पालन के रूप में दबंग कर रहा है इस्तेमाल – अनु सचिव के आदेश पर भी नहीं हुई ठोस कार्यवाही
अम्बेडकरनगर (रिपोर्ट: आलम खान – एडिटर इन चीफ/मान्यता प्राप्त पत्रकार) सार्वजनिक महिला शौचालय व स्नान गृह पर दबंग द्वारा जबरन कब्ज़ा कर लिया गया है और उसे अस्तबल व बकरी पालन के रूप में तब्दील कर दिया है तथा राजस्व कर्मीयों की मिली भगत से अवैध निर्माण भी कर रहा है लेकिन मनबढ़ दबंग युवक को रोकने व कार्यवाही करने से स्थानीय प्रशासन किनारा काट रहा है जिससे गाँव मे आक्रोश बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तहसील क्षेत्र व विकास खण्ड टाण्डा के ग्राम खासपुर में 1343 बंजर भूमि पर पूर्व प्रधान नसरीन फातमा द्वारा महिलाओं की सुविधा के लिए सार्वजनिक महिला शौचालय व स्नान गृह निर्माण कराया गया है जिसका स्थानीय महिलाएं लाभ भी उठा रही थी लेकिन गाँव के ही दो भाइयों ने राजस्व कर्मियों से मिलकर उक्त सार्वजनिक महिला शौचालय व बंजर गाटा संख्या 1343 की बची भूमि पर मेराज अहमद व मुमताज़ अहमद द्वारा जबरन कब्जा कर लिया गया।
उक्त मामले की ब्लाक, तहसील से लेकर जिला स्तर तक शिकायत की गई लेकिन कोई कार्यवाही न होने के कारण उच्च स्तरीय शिकायत हुई जिसके बाद शासन के अनु सचिव आरपी राम ने खासपुर बंजर भूमि गाटा संख्या 1343 पर राजस्व कर्मियों की मिली भगत से अवैध कब्जा के मामले में जिलाधिकारी को पत्र लिख कर कार्यवाही कर रिपोर्ट तलब किया। उक्त उच्च स्तरीय आदेश के बाद जिलाधिकारी द्वारा उप जिलाधिकारी को जांच व कार्यवाही के लिए निर्देशित किया गया लेकिन दो माह बीत जाने के बाद भी कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई जिसके बाद दबंगों द्वारा पुनः अवैध निर्माण के उद्देश्य से शौचालय की पुरानी देवर को तोड़ रहा जिससे गांव में आक्रोश व्याप्त है।





