शराब ठेका पर लूट कर सेल्समैन को मारा था गोली
अम्बेडकरनगर: थाना भीटी क्षेत्र के जमोलीगंज बाजार में देशी शराब के ठेके पर हुई सनसनीख़ेज़ लूट और फायरिंग की वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया था। दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने सेल्समैन को गोली मारकर घायल कर दिया और ठेके से हजारों रुपये लूटकर फरार हो गए। अब पुलिस ने इस दुस्साहसिक वारदात का खुलासा कर दिया है।
घटना गत 21 जनवरी की है, जब दो बदमाश शराब ठेके पर पहुंचे और 40 हजार 200 सौ रुपये लूट लिए। सेल्समैन द्वारा विरोध किए जाने पर बदमाशों ने उस पर गोली चला दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई और दहशत का माहौल बन गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देश पर थाना भीटी पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त टीम बनाई गई। लगातार दबिश और तकनीकी निगरानी के बाद 26 जनवरी की रात बुद्धूलाल की बगिया, ग्राम महापारा से दो अंतर्राज्यीय बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान चन्दू निषाद उर्फ चन्द्रपाल निवासी धनाईतपुर, थाना कादीपुर, सुल्तानपुर और अभिषेक निषाद निवासी कटघरा चिरैनी पट्टी, थाना दोस्तपुर, सुल्तानपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से 26 हजार 900 सौ रुपया नकद, दो अवैध देशी तमंचे (.315 बोर) और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की मोटर साइकिल खराब होने पर बदमाश मौके पर ही छोड़कर भाग गए थे, जिसे पहले ही पुलिस ने बरामद कर लिया था। पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों में खौफ और आम लोगों में राहत का माहौल है।




