अम्बेडकरनगर जनपद में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने करारा प्रहार करते हुए अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर के सख्त निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी टाण्डा के प्रभावी मार्गदर्शन में इब्राहिमपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए 05 शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उनके कब्जे से चोरी की एक बोलेरो वाहन भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त लंबे समय से जनपद सहित आसपास के जिलों में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। गिरोह की सक्रियता से आमजन में दहशत का माहौल था, लेकिन इब्राहिमपुर पुलिस की सतर्कता, मजबूत मुखबिर तंत्र और योजनाबद्ध कार्रवाई ने अपराधियों की कमर तोड़ दी।
बताया जा रहा है कि पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों व गोपनीय सूचना के आधार पर जाल बिछाकर आरोपियों को दबोचा। पूछताछ में कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है, जिससे अन्य चोरी की घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है।
इस साहसिक कार्रवाई से जहां अपराधियों में हड़कंप मचा है, वहीं आम जनता ने पुलिस की तत्परता और मुस्तैदी की सराहना की है। पुलिस कप्तान श्री अभिजीत ने स्पष्ट किया है कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
गिरफ्तार अभियुक्तों में शैलेश पुत्र पंचम सुल्तान पुर, गोलू पुत्र लाल निवासी सुल्तानपुर, शेखर पुत्र दूधनाथ निवासी सुल्तानपुर, दयाशंकर पुत्र होरीलाल निवासी वाराणसी व संतोष पुत्र वरन्दी निवासी सुल्तानपुर को गिरफ्तार किया गया है तथा उनके कब्जे से सफेद रंग की बोलोरो जिसपर फ़र्ज़ी नंबर UP32 EN 7845 बरामद किया गया है।




