तीन दिन वसूली ना होने के कारण लगभग 80 हज़ार रुपये की हुई राजस्व हानि
अम्बेडकरनगर: नगर पालिका परिषद टांडा परिक्षेत्र में टैक्सी स्टैण्ड ठेका नीलामी ना होने के कारण तीन दिन तक टोकन वसूली बन्द रही लेकिन चौथे दिन अचानक पुनः वसूली शुरू होने से ई-रिक्शा चालकों में आक्रोश पैदा हो गया।
बताते चलेंकि टांडा नगर पालिका अध्यक्ष, ईओ व सभासदों के बीच आपसी तालमेल ना बैठने के कारण अभी तक मूल बजट तक पास नहीं हो सका है और ना ही टैक्सी व साइकिल स्टैण्डों का ठेका नीलामी ही हो सकी है। 31 मार्च को ठेका नीलामी समाप्त होने के बाद नगर पालिका द्वारा दो माह के लिए सम्बन्धित ठेकेदार को ठेका नीलामी बढा दिया था जो गत 30 जून को समाप्त हो गया जिसके कारण 01, 02 व 03 जुलाई को टांडा में टैक्सी स्टैंड की टोकन वसूली नहीं कि गई जिसके कारण नगर पालिका को लगभग 80 हज़ार रुपये के राजस्व का नुकसान भी हुआ।
नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी डॉ आशीष सिंह ने बताया कि राजस्व नुकसान से बचने के लिए नगर पालिका अध्यक्ष शबाना नाज़ द्वारा आगामी 15 जुलाई तक ठेका नीलामी को बढ़ा दिया है तथा इस दौरान टैक्सी स्टैण्ड की नीलामी भी कराई जाएगी।
टैक्सी स्टैंड पर पुनः टिकान वसूली शुरू होने से ई-रिक्शा चालकों में आक्रोश पैदा हो गया है। ई रिक्शा चालकों ने बताया कि 25 रुपया प्रतिदिन के हिसाब से टोकन वसूली की जा रही है जबकि नगर पालिका अध्यक्ष शबाना नाज़ ने मात्र 10 रुपया वसूली कराने का आश्वासन दिया था लेकिन चन्द दिनों तक 10 रुपये वसूली करने के बाद अब ज़बरन 25 रुपया की वसूली की जा रही है।





