अम्बेडकरनगर: 290 शराब व भांग की दुकानों के लिए लगभग 4750 आवेदन प्राप्त हुआ है जिसके लिए गुरुवार को ई-लॉटरी निकाली जाएगा जिसके लिए दिशा निर्देश जारी कर दिया गया है।
जनपद में वर्ष 2025-26 के लिए आबकारी दुकानों के व्यवस्थापन हेतु आवेदन पत्रों के प्राप्त करने की प्रकिया पूर्ण कर ली गयी है। जनपद की कुल 172 देशी शराब की दुकान, 81 कम्पोजिट शॉप, 04 मॉडल शाप व 33 भांग की दुकानों के लिए लगभग 4750 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिसकी ई-लाटरी की प्रक्रिया जिला स्तरीय समिति के समक्ष आगमी 06 मार्च को अपरान्ह 04 बजे से 05:45 बजे तक कलेक्ट्रेट सभागार/ परिसर में सम्पादित की जायेगी। जिलाधिकारी /जिला स्तरीय समिति के अध्यक्ष तथा पुलिस अधीक्षक, जिला आबकारी अधिकारी तथा आबकारी आयुक्त द्वारा नामित आबकारी विभाग के एक राजपत्रित अधिकारी सदस्य होगें। इसके साथ-साथ जनपद में ई-लाटरी को निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं सुचिता के साथ सम्पादित कराये जाने हेतु प्रांजल यादय, सचिव सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम को नोडल अधिकारी/पर्यवेक्षक नामित किया गया है, जो ई-लाटरी प्रकिया के दौरान उपस्थित रहेंगे। उक्त के सम्बन्ध में सोमवार को अपर मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री) एस०पी० गोयल की अध्यक्षता में प्रदेश के समस्त जनपदों के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक तथा प्रशासन व पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर ई-लाटरी प्रक्रिया को नियमानुसार, निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं सुचिता के साथ सम्पादित कराये जाने के निर्देश दिये गये। ई-लाटरी स्थल के सम्पूर्ण परिसर में केवल आवेदक द्वारा ही प्रवेश किया जायेगा तथा पहचान हेतु आवेदक का ई-लाटरी पोर्टल से निर्गत फोटो युक्त पंजीकरण स्लिप मान्य होगा। प्रत्येक व्यक्ति की नियमानुसार तलाशी की जायेगी ताकि कोई भी व्यक्त्ति शस्त्र या अन्य असलहा लेकर ई-लाटरी परिसर में प्रवेश न कर सके।





