अम्बेडकरनगर: आगामी 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद के प्रसिद्ध ओजस्वी कवि अभय निर्भीक राजभवन लखनऊ में कविता पाठ करेंगे। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल माननीय आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं प्रदेश के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे।
अम्बेडकर नगर जनपद के ग्राम कहरा सुलेमपुर निवासी पूर्व सैन्य अधिकारी स्व. विजय बहादुर सिंह के पुत्र अभय निर्भीक अपनी ओजस्वी कविताओं के लिए पूरे देश में जाने और पहचाने जाते हैं। कवि सम्मेलन के मंचों पर उनकी विशिष्ट प्रस्तुति जनमानस के अंदर देशप्रेम की भावनाओं का प्रबल संचार करती है। राष्ट्रवादी विचारधारा से ओतप्रोत अभय निर्भीक की कविताओं में देश के सैनिकों के प्रति विशेष आदर और सम्मान के भाव होते हैं।
देश भर के अखिल भारतीय कवि सम्मेलनों में अम्बेडकर नगर का प्रतिनिधित्व करने वाले अभय निर्भीक ने गणतंत्र उत्सव के अवसर पर दो बार देश के ऐतिहासिक लाल किला से भी काव्यपाठ किया है। उन्हें प्रदेश एवं देश की संस्थाओं द्वारा अनेक सम्मान और पुरस्कार प्राप्त हुए हैं।
उनकी दो पुस्तकें ‘निर्भीक स्वर’ काव्य संग्रह एवं ‘नन्हीं दुनिया’ बाल कहानी संग्रह प्रकाशित हो चुकी हैं।
अभय की इस उपलब्धि पर जनपद के अनेक गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई दी है।





