अम्बेडकरनगर: जलालपुर नगर क्षेत्र स्थित नरेंद्र देव इंटर कॉलेज के मैदान में चार दिनों तक चले अखिल भारतीय महिला ईनामी हॉकी प्रतियोगिता का समापन रविवार को बेहद रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ हुआ। अभिनव क्लब के बैनर तले आयोजित इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का जोश, संघर्ष और खेल भावना पूरे आयोजन में साफ झलकती रही, लेकिन फाइनल की आखिरी सीटी ने मेजबान टीम के सपनों को तोड़ दिया।
फाइनल मुकाबला अभिनव क्लब अंबेडकर नगर और यूपी पुलिस के बीच खेला गया, जिसमें दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। हर मिनट खेल का रुख बदलता नजर आया, लेकिन अंततः यूपी पुलिस की टीम ने 2-1 से जीत दर्ज कर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया, जबकि घरेलू मैदान पर खेल रही अभिनव क्लब को हार के साथ संतोष करना पड़ा।
इससे पहले खेले गए मुकाबले में अयोध्या हॉस्टल ने गोरखपुर इंडियन रेलवे को 2-0 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया। पूरे टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने जिस तरह का जज्बा और खेल भावना दिखाई, उसने दर्शकों का दिल जीत लिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ओलंपियन गुरजीत कौर रहीं, जिन्होंने मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया। उनके आगमन पर आयोजन समिति और अभिनव क्लब के पदाधिकारियों ने भव्य स्वागत किया।इस दौरान पूर्व सांसद रितेश पांडेय तथा भाजपा नगर अध्यक्ष संदीप अग्रहरि ने भी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया और खेलों को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।
यूपी पुलिस को प्रथम पुरस्कार 51 हजार रुपया, द्वितीय पुरस्कार अभिनव क्लब अंबेडकरनगर को 31 हजार एवं तृतीय पुरस्कार अयोध्या हॉस्टल को 21 हजार दिया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्याम सुंदर उर्फ साधू वर्मा, मिथिलेश त्रिपाठी, पंकज वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और खेल प्रेमी मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में अभिनव क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। हालांकि आयोजन भव्य और सफल रहा, लेकिन फाइनल में मिली हार ने मेजबान टीम और स्थानीय दर्शकों के उत्साह में हल्की कसक जरूर छोड़ दी।








