अम्बेडकनगर: जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने जिलाधिकारी कार्यालय कक्ष में 11वें “अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस” (21 जून शनिवार) के सफल आयोजन के संबंध में संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक किया।
बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद स्तर पर आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम के साथ-साथ समस्त तहसीलों, विकास खण्डों, थानों, स्कूलों, महाविद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, अमृत सरोवरों, स्वास्थ्य केंद्रों आदि स्थलों पर अधिक से अधिक लोगों को जागरुक कर सभी कार्यक्रमों में अधिकाधिक जन सहभागिता एवं प्रतिभाग सुनिश्चित करते हुए सभी स्थलों पर योग दिवस कार्यक्रम का सफल आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिशासी अधिकारी नगर पालिका अकबरपुर को मोबाइल टॉयलेट, पेयजल, साफ-सफाई एवं नगरीय क्षेत्र में लाउडस्पीकर से व्यापक प्रचार- प्रचार कराने, मुख्य चिकित्सा अधिकारी को गर्मी के मौसम के दृष्टिगत कार्यक्रम स्थल पर ओआरएस, एम्बुलेंस मय स्टाफ एवं जीवन रक्षक दवाइयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने क्षेत्रीय यूनानी अधिकारी को जनपद स्तरीय कार्यक्रम के साथ ही पुलिस लाईन, तहसीलों, विकास खण्डों, स्कूलों, कॉलेजों,आंगनबाड़ी केंद्रों आदि पर आयोजित होने वाले योग कार्यक्रमों तथा प्रत्येक कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर/ट्रेनर एवं प्रतिभागियों को सूचीबद्ध करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को विद्यालयों में संचालित स्मार्ट कक्षाओं में भी बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए, योग कार्यक्रम का सजीव प्रसारण करने के निर्देश दिया। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को आयुष कवच एप को इंस्टॉल कर करके योग करते हुए फोटो शेयर कराने को कहा गया। बैठक में क्षेत्रीय यूनानी अधिकारी ने बताया कि योग सप्ताह (दिनांक 15 जून से 21 जून 2025 तक) में आयोजित योग से संबंधित विभिन्न प्रतियोगिताओं यथा निबंध प्रतियोगिता आदि के विजेताओं को जनपद स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम 21 जून की शाम 5:30 बजे आयोजित मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री/ मंत्री खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चंद्र यादव द्वारा पुरस्कृत एवं सम्मानित किया जाएगा। जनपद स्तरीय कार्यक्रम में शासन द्वारा नामित जनपद के नोडल अधिकारी प्रांजल यादव द्वारा भी प्रतिभाग किया जाएगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, अधिशाषी अभियंता पी डब्लू डी, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी सहित संबंधित विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर उपस्थित रहे।




