अम्बेडकरनगर: शुक्रवार को 10वें विश्व योग दिवस के अवसर पर जनपद के विभिन्न स्थानों पर प्रातः काल योग शिविर का आयोजन किया गया।
जनपद मुख्यालय पर सीडीओ आवास के सामने स्थित चन्द्रशेखर आज़ाद पार्क में जिला स्तरीय योग शिविर का आयोजन किया गया जिसमें प्रभारी मंत्री गिरीश चन्द यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर उर्फ साधु वर्मा, जिलाधिकारी अविनाश सिंह, पुलिस कप्तान डॉ कौस्तुभ, एडीएम डॉ सदानन्द गुप्ता, सीएमओ डॉ राजकुमार आदि मौजूद रहे। उक्त मौके पर कुशल योग शिक्षकों द्वारा मौजूद अधिकारियों व कर्मचारियों को योगाभ्यास कराया गया।

पुलिस विभाग द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन में योगाभ्यास शिविर आयोजित किया गया जिसमें एडिशनल एसपी पश्चिमी विशाल पांडेय व पूर्वी श्यामदेव द्वारा योगाभ्यास कराया गया। एसपी डॉ कौस्तुभ द्वारा पुलिस जवानों को प्रति दिन योग करने के लिए प्रेरित किया गया। श्री कौस्तुभ ने कहा कि प्रतिदिन योग करने से जहां शरीर फिट रहता है वहीं मानसिक तनाव भी समाप्त हो जाता है।

एनटीपीसी टांडा में भी विश्व योग दिवस ओर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया हालांकि एनटीपीसी में गत 12 जून से 22 जून तक 10 दिवसीय योगाभ्यास शिविर आयोजित किया जा रहा योगाभ्यास कार्यशाला में विभिन्न आसनों के सम्बंध में विस्तार से चर्चा हुई एवं आगुन्तकों के सवालों का जवाब भी दिया गया।

जिला कारागार में 10वें विश्व योग दिवस पर गत 15 जून योग शिविर आयोजित कर योग सप्ताह मनाया गया। जिला जेल की मल्टीपरपज हाल/महिला बैरक में योग कार्यक्रम सजाया गया जहां योग प्रशिक्षक राजऋषि तिवारी द्वारा अधिकारियों व कर्मचारियों सहित जिला कारागार में निरुद्ध लगभग 200 बन्दियों को भी योगाभ्यास कराया गया।

टांडा तहसील प्रशासन व नगर पालिका प्रशासन के संयुक्त प्रयास से टीएपीजी कालेज के विशाल प्रांगण में भव्य योगाभ्यास शिविर का आयोजन प्रातः किया गया जिसमें उपजिलाधिकारी मोहनलाल गुप्ता व ईओ डॉ आशीष सिंह सहित तहसील व नगर पालिका के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

भारतीय जनता पार्टी द्वारा जनपद के 23 मंडलों में योग शिविर आयोजित किया गया। भजपा जिलाध्यक्ष त्रयम्बक तिवारी ने बीएनकेबी कॉलेज, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉक्टर मिथिलेश त्रिपाठी ने खजुरी व पूर्व जिलाध्यक्ष कपिलदेव वर्मा ने टांडा योग शिविर में शामिल हुए। टांडा कोतवाली पुलिस द्वारा टांडा तहसील कार्यालय के बाहर स्थित मैदान में सामुहिक योगाभ्यास शिविर आयोजित किया गया जिसमें टांडा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दीपक सिंह रघुवंशी सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।





