अम्बेडकरनगर: टांडा नगर क्षेत्र में सीबीएसई बोर्ड द्वारा संचालित डीएवी अकेडमी में शत प्रतिशत रिजल्ट आने एवं टॉप टेन में स्थान बनाने की खुशी में बुधवार को छात्र छात्राओं में मिष्ठान वितरित किया गया। मिश्रीलाल आर्यकन्या इण्टर कालेज में भी हाईस्कूल व इण्टरमीडिएट का रिजल्ट काफी शानदार रहा। आर्यकन्या की एक छात्रा ने प्रदेश में सातवां स्थान प्राप्त किया है जिसे लगातार बधाइयां मिल रही है।
डीएवी अकेडमी व मिश्रीलाल आर्य कन्या सहित कई विद्यालयों के प्रबंधक आंनद कुमार आर्य (बाबू जी) ने बताया कि शुक्रवार की सुबह में मिश्रीलाल आर्यकन्या इण्टर कालेज की छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा और शुक्रवार की शाम को डीएवी एकेडमी में पूरे जनपद के टॉप टेन आने वाले छात्र छात्राओं व उनके अभिभावकों तथा प्रधानाचार्यों को सम्मानित किया जाएगा।

सीबीएसई बोर्ड 10वीं और 12वीं की परीक्षा में डीएवी एकेडमी टांडा का परिणाम शानदार रहा। विद्यालय के कक्षा 12 के होनहार एवं तेजस्वी छात्रों में विज्ञान वर्ग से पार्थ गुप्ता 96.2%, गुरप्रीत सिंह 96% व गरुणदेव तिवारी 95.8% अंक प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया है। कॉमर्स वर्ग की छात्रा जुवैबा आदिल ने 94.4%, सिमरजीत कौर 92.6% व तनीम फात्मा 92.2% अंक प्राप्त कर विद्यालय की कीर्ति को बढ़ाया है। कक्षा 10 से कात्यायनी 98%, सचि अग्रवाल 96.8%, व श्रेष्ठ गुप्ता 96.8% अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया जहां कात्यायनी ने जिले में प्रथम स्थान प्राप्त कर कीर्तिमान स्थापित किया। कक्षा 12 से ग्यारह बच्चों ने तथा कक्षा 10 से 12 बच्चों ने 90% से अधिक अंक प्राप्त किया।
विद्यालय के प्रबंधक आनंद कुमार आर्य एवं प्रधानाचार्य अशोक पाण्डेय ने अभिवावकों की उपस्थिति में मिष्ठान वितरित कर विद्यार्थियों का उत्साह वर्धन करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना किया।




