अम्बेडकरनगर जनपद में शातिर ठगों का गिरोह सक्रिय है जो भोले भाले लोगों को अपना ठगी का शिकार बना रहे है।
ताज़ा मामला टाण्डा नगर क्षेत्र का सामने आया है जहां तीन शातिर ठगों ने दो महिलाओं को अपनी ठगी का शिकार बनाते हुए लाखों के जेवरात लेकर चम्पत हो गए हैं।
पीड़िता सविता पत्नी दिनेश निवासी मझगवां थाना अहिरौली व अर्पिता पत्नी आनन्द कुमार निवासी मरुई ताजपुर थाना अकबरपुर ने टाण्डा कोतवाली पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि दोनों ननद भाभी हैं और इलाज़ कराने के उद्देश्य से टाण्डा आये और आर्य कन्या से ई-रिक्शा पर बैठ कर मेहंदिया गए जहां एक पेड़ के पास बाइक से आये युवक ने दीदी नमस्ते कह कर बातचीत करने लगा जिसके साथ एक बाबा भी था। पीड़िता ने बताया कि बाबा ने सभी बीमारियों को दूर करने का दावा किया और दोनों के जेवरात को उतरवा कर एक कागज में लपेट दिया और कहा कि घर जाकर हाथ मुंह धोकर इसे पहन लेना जिससे सभी बीमारियां ठीक हो जाएगी। पीड़िता ने दावा किया कि ना जाने हैम दोनों को क्या हो गया था और हम लोगों ने जेवरात उतार कर पुड़िया में रख दिया लेकिन जब घर पहुंच कर पुड़िया खोला तो उसमें मिट्टी पत्थर निकला। दोनों महिलाओं का दावा है कि तीन लाख से अधिक का जेवरात ठगी कर लिया गया है। उक्त मामले की शिकायत मिलते ही टाण्डा पुलिस टीम सीसीटीवी कैमरे की मदद से ठगों का पता लगाने की कवायद तेज कर दिया है।
बहरहाल जनपद में शातिर ठगों का गिरोह सक्रिय है जिसने ननद भाभी को अपना शिकार बनाते हुए लाखो के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया है जिसकी तलाश में पुलिस टीम जुट गई है।




