अम्बेडकरनगर: दिसम्बर माह का पहला सप्ताह बीत जाने के बाद तापमान में लगातार गिरावट आने से ठण्ड बढ़ गई है। सुबह शाम शीतलहरी के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है, लेकिन इसके बावजूद नगर पालिका टाण्डा द्वारा अब तक अलाव की व्यवस्था शुरू नहीं की गई है। प्रमुख चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अलाव के लिए निर्धारित जगहें अंधेरी और ठंडी पड़ी हैं, जिससे नागरिकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दिसंबर का पहला सप्ताह गुजर चुका है, परंतु नगर पालिका प्रशासन ने अलाव जलाने की किसी प्रकार की पहल नहीं की है। दुकानदारों और राहगीरों ने बताया कि सुबह की ठिठुरन और रात की कड़ाके की ठंड से राहत पाने के लिए अलाव की अत्यंत आवश्यकता है, लेकिन जिम्मेदार विभाग की लापरवाही लोगों को परेशान कर रही है।
कई सामाजिक संगठनों ने भी इस मुद्दे पर चिंता जताई है और नगर पालिका से प्रमुख चौराहों व सार्वजनिक स्थलों पर तत्काल अलाव की पर्याप्त व्यवस्था करने की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि हर साल की तरह इस बार भी प्रशासन का इंतज़ार तब तक चलता रहेगा जब तक ठंड अपने चरम पर न पहुंच जाए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अलाव जलाने के लिए लकड़ी आपूर्ति के लिए ऑनलाइन टेंडर आमंत्रित किया जा चुका है लेकिन विभागीय लापरवाही के कारण अभी तक निविदा नहीं ओपन हो सकी है जिससे भावी ठेकेदार लकड़ी की सप्लाई नहीं दे सका है।
नगर क्षेत्र के स्थानीय लोगों व राहगीरों व मज़दूर तबके के लोगों को स्वयं लकड़ी सहित कागजों व कचरों को जला कर ठण्ड से बचने का प्रयास करते देखा जा रहा है। नगर पालिका प्रशासन की लापरवाही का खामियाजा स्थानीय लोग भुगतने पर मजबूर हैं।
बढ़ती ठंड में नगर क्षेत्र की आम जनता उम्मीद कर रही है कि नगर पालिका टाण्डा जल्द से जल्द अलाव की व्यवस्था बहाल कर लोगों को राहत प्रदान करेगी।




