अम्बेडकरनगर: टाण्डा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में शादी समारोह के दौरान हुई सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। द्वारचार की रस्म के समय गांव के कुछ युवकों द्वारा दूल्हे को कथित रूप से दुल्हन का अश्लील वीडियो दिखाए जाने के बाद दूल्हे ने शादी से इंकार कर दिया। बारात वापस लौटने से आहत युवती ने अगले दिन जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास कर लिया। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार टाण्डा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पुन्थर मौहरिया निवासी एक युवती (काल्पनिक नाम रीता) की शादी अयोध्या जनपद के मांझा काजीपुर निवासी युवक से तय थी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बारात गांव पहुंची और द्वारचार की रस्म चल रही थी। इसी दौरान गांव के ही कुछ युवकों पर दूल्हे को युवती से संबंधित कथित अश्लील वीडियो दिखाने का आरोप है।
बताया जा रहा है कि वीडियो देखने के बाद दूल्हे ने शादी करने से साफ इंकार कर दिया। दोनों पक्षों के परिजनों तथा गांव के संभ्रांत लोगों ने काफी समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन दूल्हा अपने फैसले पर अड़ा रहा। स्थिति तनावपूर्ण होने पर डायल-112 पुलिस भी मौके पर पहुंची, जिसके बाद बारात बिना शादी किए वापस लौट गई।
बारात लौटने की घटना से मानसिक रूप से आहत युवती ने अगले दिन सुबह जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास कर लिया। परिजनों ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है। स्वस्थ होने के बाद युवती और उसके परिजन कोतवाली टाण्डा पहुंचे तथा गांव के कुछ युवकों के खिलाफ तहरीर दी। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने जबरन अश्लील वीडियो बनाया और उसे वायरल करने तथा जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। क्षेत्राधिकारी टाण्डा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।






