अम्बेडकरनगर। मालीपुर थाना क्षेत्र का सुरहुरपुर बाजार मंगलवार को उस वक्त दहल उठा, जब चीनी से लदे ट्रक और मासूम छात्र-छात्राओं से भरी स्कूली बस की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि भारी-भरकम ट्रक सड़क पर पलट गया और बच्चों से भरी बस अनियंत्रित होकर झाड़ियों में जा घुसी। चंद सेकंड के इस हादसे में करीब दो दर्जन बच्चों की जिंदगी दांव पर लग गई, लेकिन किस्मत ने साथ दिया और बड़ा हादसा टल गया।
जलालपुर स्थित रेडिएंट इंटर कॉलेज की बस छात्र-छात्राओं को लेकर विद्यालय जा रही थी। बस मालीपुर की ओर से शाहगंज की तरफ बढ़ रही थी। सुरहुरपुर बाजार के पास सामने से आ रहे चीनी लदे ट्रक से अचानक बस की जोरदार भिड़ंत हो गई।
धड़ाम की आवाज के साथ ट्रक सड़क पर पलट गया और बस सड़क छोड़कर झाड़ियों में जा फंसी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग दौड़कर बस की ओर पहुंचे। सबसे पहले बच्चों को बाहर निकालने और उनकी सलामती देखने की कोशिश शुरू हुई।
राहत की सबसे बड़ी बात यह रही कि बस पलटी नहीं, वरना हादसे का मंजर और भी खौफनाक हो सकता था। बस में सवार करीब दो दर्जन छात्र-छात्राएं सुरक्षित बताए जा रहे हैं। दोनों वाहनों के चालक भी सुरक्षित बताए गए हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही अभिभावकों की चिंता बढ़ गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। बच्चों के सुरक्षित होने की खबर मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।
सूचना पर पहुंची मालीपुर पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और हादसे की वजहों की जांच शुरू कर दी। सड़क पर पलटे ट्रक और बस को हटवाने की कार्रवाई भी शुरू की गई।
बाल-बाल बचे बच्चे, लेकिन सवाल कई!
बच्चों से भरी स्कूली बस आखिर भारी वाहन से आमने-सामने कैसे भिड़ी? क्या रफ्तार हादसे की वजह बनी या किसी की लापरवाही ने दो दर्जन मासूमों की जिंदगी खतरे में डाल दी? हादसे ने स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और सड़क पर भारी वाहनों की निगरानी को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल राहत यही है कि हादसे ने जान नहीं ली, लेकिन सुरहुरपुर की सड़क पर हुआ यह टकराव एक बड़ी चेतावनी जरूर छोड़ गया है।




