अम्बेडकरनगर। दो दिनों से लगातार हो रही बारिश और नहर में पहले से आ रहे तेज पानी के दबाव ने सोमवार सुबह बड़ी नहर की व्यवस्था को हिला दिया। करीब 11:53 बजे लाभापार ग्राम पंचायत के चौकिया गांव के पास बड़ी नहर अचानक कट गई। नहर कटते ही तेज धार के साथ पानी आसपास के खेतों में घुसने लगा, जिससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और फसलों के भारी नुकसान का खतरा पैदा हो गया।
नहर कटने की सूचना मिलते ही लाभापार ग्राम प्रधान अमित कुमार गोंड सक्रिय हुए और उन्होंने टांडा नहर विभाग के सोनू शर्मा समेत क्षेत्रीय नहर विभाग के संबंधित कर्मचारियों को तत्काल जानकारी दी। सूचना मिलते ही विभागीय टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन के साथ ग्रामीणों की मदद से युद्धस्तर पर कटान बंद करने का अभियान शुरू किया।
तेज बहाव के बीच नहर की कटान को रोकना आसान नहीं था। विभागीय कर्मचारियों और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत करते हुए कटान को बंद किया और पानी के बहाव को नियंत्रित किया। समय रहते सूचना मिलने और तत्काल कार्रवाई होने से आसपास के खेतों में संभावित बड़े नुकसान को टाल दिया गया।
नहर का बहाव नियंत्रित होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। हालांकि, लगातार बारिश और नहर में बढ़ते पानी को देखते हुए ग्रामीणों में अब भी नहर की सुरक्षा और दोबारा कटान होने की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से नहर की स्थिति की गंभीरता से जांच कराने और कमजोर स्थानों पर तत्काल पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।




