अम्बेडकरनगर: नगर पंचायत इल्तिफातगंज के वार्ड अम्बेडकर नगर एवं सरदार पटेल नगर डेलमऊ में बन रहे दुर्गा विसर्जन मार्ग के निर्माण में गुणवत्ता से खिलवाड़ सामने आने के बाद मंगलवार को सभासदों का गुस्सा फूट पड़ा। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में खामियां मिलने पर सभासदों ने तत्काल जेई को मामले से अवगत कराया और मौके पर ही कार्रवाई की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जेई ने भी तत्काल मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की जांच की। गुणवत्ता संतोषजनक नहीं मिलने पर निर्माण कार्य तत्काल रुकवा दिया गया। जेई ने संबंधित जिम्मेदारों को मानक के अनुरूप बेहतर गुणवत्ता के साथ दोबारा निर्माण कराने के निर्देश दिए।
सभासद लवकुश पांडेय ने दो टूक कहा कि किसी से व्यक्तिगत रंजिश नहीं है, लेकिन धार्मिक आस्था से जुड़े मार्ग के निर्माण में लापरवाही की एक ईंट भी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह मार्ग महज सड़क नहीं, बल्कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही का महत्वपूर्ण रास्ता है। ऐसे में निर्माण में किसी भी स्तर पर लापरवाही गंभीर मामला है।
उन्होंने कहा कि जनता के पैसे से होने वाले विकास कार्य में गुणवत्ता से समझौता करने वालों को किसी भी कीमत पर मनमानी नहीं करने दी जाएगी। सभासदों ने स्पष्ट कर दिया कि मार्ग का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुसार ही होना चाहिए, वरना निर्माण कार्य का विरोध लगातार जारी रहेगा।
बहरहाल गुणवत्ता पर सवाल उठा तो काम पर ब्रेक लगा दिया गया है लेकिन अब सभासदों का दावा है कि उनकी नजर दोबारा होने वाले निर्माण पर रहेगी।




