अम्बेडकरनगर: दो पुत्र वधुओं ने अपने 75 वर्षीय ससुर से पुस्तैनी भूमि को दान पत्र के रूप में लिखवा लिया गया जिसकी जानकारी होने पर तीसरा पुत्र अपने वृद्ध पिता को लेकर न्याय के लिए दरबदर भटक रहा है जबकि वृद्ध पिता तीनों पुत्रों में बराबर भूमि बांटना चाहता है और इस बीच भूमि बिक्री होने की आशंका से वृद्ध व तीसरा पुत्र भयभीत है।
मामला टांडा तहसील के ग्राम लखनपुर का है जहाँ 75 वर्षीय राम आसरे के तीन पुत्र क्रमश: श्रीराम, दिलीप कुमार व सेवाराम हैं जिसमें बड़े पुत्र श्रीराम का निधन हो गया है। राम आसरे के पास 24 बिस्वा पुतौनी भूमि गाटा 98(क), 383, 39(क) व 819(क) है। 819(क) को तीनों पुत्रों ने आपसी सहमति से बंटवारा कर मकान बना लिया है लेकिन सबसे छोटे पुत्र को दरकिनार कर दो बड़ी पुत्र वधुओं द्वारा उन सभी भूमि में से 21 बिस्वा भूमि दानपत्र के रूप में अंकित करा लिया गया है।
75 वर्षीय राम आसरे ने बताया कि उनके मंझले पुत्र दिलीप कुमार ने उनको काफी मारा पीटा और दवा कराने के बहाने 06 मई 2024 को टाण्डा ले कर गए लेकिन उनसे स्व.श्रीराम की पत्नी किरण बाला व मंझले पुत्र दिलीप कुमार की पत्नी सुनीता के नाम 21 बिस्वा भूमि दान पत्र के रूप में लिखवा लिया। तीसरे पुत्र सेवाराम के लिए अलग अलग गाटा में मात्र तीन बिस्वा भूमि ही छोड़ी है। खतौनी पर पुत्रवधुओं का नाम अंकित होने की जानकारी होने पर टाण्डा सब रजिस्ट्रार व एसडीएम टाण्डा सहित मुख्यमंत्री व सभी अधिकारियों के पास गोहार लगाई गई लेकिन उनकी कुछ सुनवाई नहीं हो सकी। वृद्ध राम आसरे ने बताया कि उक्त भूमि पुस्तैनी है और उनकी इच्छा है कि तीनों पुत्रों को बराबर बराबर वितरित की जाए। सबसे छोटे पुत्र सेवाराम ने बताया कि अधिकारियों से शिकायत करने के बाद मंझले भाई दिलीप कुमार द्वारा मुझे व मेरी पत्नी निशा देवी सहित मेरे पिता राम आसरे को भी जान से मरवाने के लिए गुंडों को पैसा दिया गया था जिस सम्बन्ध में जांच उपरांत हंसवर थाना पर मुकदमा भी दर्ज हुआ है।
बहरहाल वृद्ध ससुर को धोखा देकर दो पुत्र वधुओं ने अधिकांश पुस्तैनी भूमि को दानपत्र के रूप में दर्ज करा लिया है जिसकी जानकारी होने पर तीसरा पुत्र अपने पिता को लेकर दरबदर भटक रहा है लेकिन अधिकारियों द्वारा न्ययालय में जाने का रास्ता दिखाया जा रहा है जिससे हैरान व परेशान होकर तीसरे पुत्र ने सिविल वाद शूट कर दिया है लेकिन इस बीच पुत्र वधुओं द्वारा भूमि बिक्री किये जाने की आशंका से वृद्ध राम आसरे व सेवाराम परेशान हैं।




