अम्बेडकरनगर: एक ही गाँव के दो अलग अलग बिरादरी के प्रेमी युगल की संदिग्ध हालत में मौत हो गई जो क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मामला हंसवर थानाक्षेत्र के मूसेपुर गाँव में प्रेमी युगल की ज़हरीला पदार्थ के सेवन से इलाज के दौरान मौत हो गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मूसेपुर कला निवासी 24 वर्षीय राजन तिवारी पुत्र आदित्य तिवारी का गाँव की ही 21 वर्षीय पूनम पुत्री मिश्रीलाल का कई वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। चर्चा है कि परिजनों ने दोनों को कई बार पकड़ कर पुनः ना मिलने की चेतावनी दिया था लेकिन दोनों ने किसी की ना सुनी। चर्चा है कि गत दिनों परिजनों की मर्जी के खिलाफ एक मंदिर में विवाह भी कर लिया था जिससे परिजन काफी नाराज चल रहे थे। स्थानीय पुलिस को सूचना मिली कि बुधवार-गुरुवार रात्रि में दोनों का अपने अपने घर मे स्वास्थ्य खराब होने के बाद बसखारी व जिला अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। परिजनों का कहना है कि दोनों ने ज़हरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर लिया है हालांकि पुलिस जांच करने का दावा कर रही है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।





