अम्बेडकरनगर: शादी का झांसा देकर दो वर्षों तक शारीरिक शोषण करने और दूसरी जगह शादी तय कर लेने के आरोप में जलालपुर कोतवाली पुलिस ने एक युवक के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता ने पुलिस को दी गई तहरीर में जबरन दैहिक शोषण, मारपीट, धमकी और आर्थिक शोषण के आरोप लगाए हैं।
मामला कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का है। 22 वर्षीय पीड़िता वर्ष 2022 से बेंगलुरु में निजी नौकरी कर रही थी। इसी दौरान उसकी पहचान अश्विनी कुमार निवासी नारायणपुर कला, थाना दोस्तपुर, जनपद सुल्तानपुर से हुई। आरोपी ने शादी का भरोसा दिलाकर उसके साथ संबंध बनाए और दोनों साथ रहने लगे। पीड़िता का आरोप है कि वह अपनी पूरी सैलरी भी आरोपी को सौंप देती थी, जिसे वह अपने पास रख लेता था।
पीड़िता के अनुसार करीब दो वर्षों तक संबंध बनाए रखने के बाद आरोपी का व्यवहार बदल गया और वह मारपीट, गाली-गलौज व जबरन शारीरिक संबंध बनाने लगा। दीपावली पर घर लौटने पर पीड़िता को जानकारी हुई कि आरोपी अश्विनी की शादी 23 नवंबर 2025 को किसी अन्य लड़की से तय हो गई है। यह जानकर वह मानसिक रूप से टूट गई। पीड़िता ने बताया कि वह आरोपी के संबंधों के चलते दो माह की गर्भवती भी है। फोन पर जब उसने शादी के बारे में पूछा तो आरोपी ने न सिर्फ इनकार किया बल्कि गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।पीड़िता ने आरोपी की प्रस्तावित शादी रुकवाने, मेडिकल परीक्षण कराने और कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और प्रकरण की जांच की जा रही है।




