अम्बेडकरनगर: जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के जमालपुर चौराहे पर मंगलवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ओवरलोड होकर जा रही गन्ना लदी ट्रक अनियंत्रित होकर चौराहे के पास पलट गई, जिससे सड़क किनारे स्थित दुकानों के सामने लगे तीन सेट पूरी तरह टूटकर क्षतिग्रस्त हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जैतपुर थाना क्षेत्र के नेवादा गांव से गन्ना लादकर एक ट्रक मरैला चीनी मिल जा रही थी। सुबह करीब 5 बजे जैसे ही ट्रक जमालपुर चौराहे पर पहुंची, अत्यधिक भार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक पलट गई।
घटना के समय बाजार बंद था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि ट्रक पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर गन्ना फैल गया। सूचना मिलने पर ट्रक मालिक ने गन्ना मालिक और मिल प्रबंधन को मामले से अवगत कराया।
इसके बाद मिल प्रबंधन द्वारा दूसरे ट्रक की व्यवस्था कर सड़क पर गिरे गन्ने को लोड कर मिल भेजा गया। हादसे में दुकानदारों को हुए नुकसान को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उन्होंने ओवरलोड वाहनों पर सख्ती और हुए नुकसान के मुआवजे की मांग की है।




