अम्बेडकरनगर: भिदुण दरगाह रसूलपुर किछौछा के ऐतिहासिक खेल मैदान पर आगामी 07 फरवरी से न्यू ताज कप जिला स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता को लेकर क्षेत्र के खेल प्रेमियों और युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजकों के अनुसार टूर्नामेंट का आयोजन पूरी तरह सुव्यवस्थित और भव्य रूप में किया जाएगा, जिसमें जिले की नामी-गिरामी 16 टीमें अपना दमखम दिखाएंगी।
टूर्नामेंट के अध्यक्ष सैय्यद जहांगीर अशरफ (गुड्डू मियां) ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता में सीमित और चयनित 16 टीमों को ही अवसर दिया गया है, ताकि मुकाबले उच्च स्तरीय और रोमांचक हों। टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए 5000 हज़ार रुपये की प्रवेश शुल्क निर्धारित की गई है।
प्रतियोगिता के विजेताओं के लिए आकर्षक नकद पुरस्कार भी रखे गए हैं। विजेता टीम को 1,21,000, उपविजेता टीम को 60,000, जबकि पूरे टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को मैन ऑफ द सीरीज़ के रूप में 20,000 नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों ने संकेत दिए हैं कि इसके अलावा अन्य व्यक्तिगत पुरस्कारों की घोषणा भी शीघ्र की जाएगी।
न्यू ताज कप टूर्नामेंट लगभग पांच दिनों तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन कई रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे। मैचों के संचालन के लिए अनुभवी अंपायरों और स्कोररों की नियुक्ति की जा रही है, ताकि प्रतियोगिता निष्पक्ष और अनुशासित ढंग से संपन्न हो सके।
खिलाड़ियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मैदान पर पानी, बैठने की व्यवस्था, प्राथमिक चिकित्सा, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का समुचित प्रबंध किया जा रहा है। आयोजकों का कहना है कि खिलाड़ियों और दर्शकों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।
टूर्नामेंट को ऐतिहासिक और यादगार बनाने के लिए मैनेजर नफीस अहमद और कोषाध्यक्ष नदीम खान पूरी निष्ठा के साथ तैयारियों में जुटे हुए हैं। आयोजन से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जिम्मेदारी पर उनकी पैनी नजर है।
आयोजकों ने जिले भर के खेल प्रेमियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें और न्यू ताज कप जिला स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट को सफल बनाएं।




