सहखातेदार द्वारा भू-माफियाओं से सांठगांठ कर किया जा रहा है कब्ज़ा
अम्बेडकनगर: मिनजुमला भूमि पर जहां वर्षों से कब्रिस्तान व इमाम चौक मौजूद है, उस भूमि पर भू-माफियाओं द्वारा जबरन कब्ज़ा करने का पुनः प्रयास जारी है जिससे आक्रोश व्याप्त है। दो दिन पूर्व जबरन कब्ज़ा के प्रयास को पुलिस ने विफल कर दिया था।
मामला टांडा कोतवाली क्षेत्र के मोहल्लाह सकरावल गोठ का है जहां गाटा संख्या 960 मिनजुमला 0.896 हेक्टेयर है। सहखातेदार फजले करीम ने दावा किया कि भूमि पर वर्षों से कब्रिस्तान व इमाम चौक मौजूद है जहां आज भी मुर्दों को दफन किया जाता है तथा इमाम चौक पर ताजिया रख आस्था प्रकट की जाती है।

दो दिन पूर्व उक्त भूमि पर आधा दर्जन मज़दूरों के सहारे कब्ज़ा करने का प्रयास किया गया तो सहखातेदार फजले करीम पुत्र फजले रब निवासी सकरावल की गोहार पर टांडा कोतवाली पुलिस ने तत्काल काम को बंद करवाया था लेकिन सोमवार की सुबह दो दर्जन से अधिक मज़दूरों के सहारे पुनः कब्जा करने का प्रयास शुरू किया गया। पीड़ित फजले करीम द्वारा डायल 112 व स्थानीय पुलिस से मदद की गोहार लगाई है। चर्चा है कि उक्त मिनजुमला गाटा के सहखातेदार द्वारा अपना अंश की भूमाफिया के हवाले कर दिया है जिसके कारण बिना हदबरारी व पैमाइश के खाली पड़ी भूमि पर कब्ज़ा का प्रयास शुरू किया गया जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है।



