WhatsApp Icon

लोहिया भवन में वृहद विधिक सहायता मेगा शिविर, 32 विभागों ने लगाए स्टॉल

Sharing Is Caring:

अम्बेडकरनगर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अम्बेडकरनगर द्वारा आमजन के विधिक सशक्तीकरण और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से रविवार को लोहिया भवन परिसर, अकबरपुर में वृहद विधिक सहायता/सेवा (मेगा) शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी जनपद न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री राम बिलास सिंह ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी अधिनियम एवं राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी श्री भारतेन्दु प्रकाश गुप्ता, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) श्रीमती ज्योत्स्ना बंधु, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती सुधा यादव, अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) श्री श्याम देव, जिला विकास अधिकारी श्री आलोक दत्त उपाध्याय तथा सचिव (पूर्णकालिक) श्री शैलेश कुमार मौर्य सहित न्यायिक व प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

अपर जिलाधिकारी ने केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी दी, जबकि अपर पुलिस अधीक्षक ने विभागीय अभियानों से अवगत कराया। जिला विकास अधिकारी ने विकास योजनाओं पर प्रकाश डाला। श्री भारतेन्दु प्रकाश गुप्ता ने 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की उपयोगिता बताई। प्रभारी जनपद न्यायाधीश ने कहा कि ऐसे शिविर आमजन को त्वरित और निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम हैं।

शिविर में 32 से अधिक विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया और पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कर प्रमाण पत्र व सहायता सामग्री वितरित की। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत दो लाभार्थियों को 21.77 लाख रुपये की सहायता, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना में सिलाई मशीन व डेमो चेक, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा पेंशन प्रमाण पत्र, डूडा की आवास योजना के अंतर्गत चाभी व प्रमाण पत्र, पीएम सूर्यघर योजना के लाभ, वृद्धावस्था पेंशन प्रमाण पत्र, कन्या सुमंगला व बाल सेवा योजना के तहत छात्राओं को किट, शादी अनुदान व श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं के प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

इसके अतिरिक्त कृषि, मत्स्य और बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा भी लाभार्थियों को प्रमाण पत्र एवं निःशुल्क पुस्तकों का वितरण किया गया। कार्यक्रम के अंत में सचिव श्री शैलेश कुमार मौर्य ने राष्ट्रीय एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली, निःशुल्क विधिक सेवा और मध्यस्थता प्रक्रिया की जानकारी देते हुए सभी उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, पीएलवी और आमजन का आभार व्यक्त किया।

अन्य खबर

कान्हा के जन्म के बाद टांडा में गूंजेगा दधिकांदव का जयघोष! तीन दिन तक उमड़ेगा आस्था का सैलाब

टांडा में पीस पार्टी का ‘मिशन संगठन’ शुरू! गुलाम सरवर संभालेंगे कमान, 3 महीने में बदलेंगे सियासी तस्वीर

“साहब! दुकान नहीं होगी तो चूल्हा कैसे जलेगा?” मछली कारोबारियों का तहसील पर धावा

error: Content is protected !!