अम्बेडकरनगर: प्रदेश मुख्यालय पर अखिलेश यादव के आवास पर बैरिकेडिंग किये जाने की चिंगारी जनपद में भी पहुंच गई और सपा कार्यालय पर नेताओं का जमावड़ा शुरू हो गया। सपाइयों के प्रदर्शन की आशंका पर सपा कार्यालय पहुंचे सीओ सिटी ने सपा नेताओं को कार्यालय पर ही रोक दिया। सपाइयों द्वारा जिला कार्यालय पर जेपी जयंती मनाते हुए राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन भी दिया।
बताते चलेंकि सपा मुखिया अखिलेश यादव को जयप्रकाश नारायण की जयंती के मौके पर जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (जेपीएनआईसी) जा कर माल्यार्पण करने की इजाजत प्रशासन ने नहीं दिया था और अखिलेश यादव को रोकने के लिए उनके घर के आसपास बैरिकेडिंग भी लगा दिया जिसके बाद अखिलेश के घर के बाहर ही समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता जमा होने लगे और सरकार के खिलाफ नारेबाज़ी शुरू हो गई।

श्री अखिलेश ने सोशल मीडिया पर लिखा कि “भाजपाई लोग हों या इनकी सरकार, इनका हर काम नकारात्मक का प्रतीक है. पिछली बार की तरह ही समाजवादी लोग कहीं ‘जयप्रकाश नारायण जी’ की जयंती पर उनकी मूर्ति पर माल्यार्पण करने न चले जाएं, इसलिए उन्हें रोकने के लिए हमारे निजी आवास के आसपास बैरिकेडिंग कर दी गई है”
लखनऊ में सपा मुखिया को रोकने की चिंगारी जनपद में भी पहुंच गई और जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष जंग बहादुर यादव के नेतृत्व में जमावड़ा होने लगा और प्रशासन को सूचना मिली कि सपा प्रदर्शन की तैयारी कर रही है जिसके बाद सीओ सिटी भारी पुलिस बल के साथ पहुंच गए हालांकि इसी बीच सूचना मिली कि अखिलेश यादव ने घर के बाहर ही जेपी की मूर्ति पर माल्यार्पण किया।
बताते चलेंकि प्रशासन ने पिछली बार भी जयप्रकाश नारायण जयंती के मौके पर अखिलेश यादव को रोकने की कोशिश की थी, लेकिन उस वक़्त वे दीवार कूदकर जेपीएनआईसी के अंदर चले गए थे लेकिन इस बार प्रशासन ने अखिलेश को रोकने के लिए प्रवेश द्वार पर टिन का शेड लगा दिया।अखिलेश यादव गुरुवार को जेपीएनआईसी गए थे और उन्होंने टीन शेड लगाने पर आपत्ति की थी हालांकि प्रशासन की तरफ से कहा जा रहा है कि वहां पर निर्माण हो रहा है इसलिए सुरक्षा के मद्देनज़र वहां जाना ठीक नहीं है। इसका निर्माण अखिलेश की सरकार में शुरू हुआ था।



