WhatsApp Icon

कोर्ट आदेश के बाद तालाब पर वर्षों से बने अवैध पक्के निर्माण पर चला प्रशासन का बुलडोज़र

Sharing Is Caring:

अम्बेडकरनगर: सार्वजनिक तालाब की भूमि पर वर्षों से किए गए अवैध पक्के निर्माण को आखिरकार प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में शनिवार को राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।

मामला जलालपुर तहसील के राजस्व ग्राम गौरा कमल स्थित सार्वजनिक तालाब की भूमि से जुड़ा है। आरोप है कि गांव के सभाजीत, राम सुंदर और राजेंद्र ने तालाब की जमीन पर पक्का निर्माण कर अवैध कब्जा कर रखा था। स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद राजस्व विभाग ने तहसीलदार न्यायालय में उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा 67 के अंतर्गत वाद दर्ज किया। सुनवाई के उपरांत न्यायालय ने अतिक्रमण हटाने का आदेश पारित किया।

आदेश के क्रम में तहसीलदार गरिमा भार्गव के निर्देश पर नायब तहसीलदार के नेतृत्व में हल्का लेखपाल रामजस एवं पुलिस बल की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर पहले तालाब की विधिवत पैमाइश कर अतिक्रमित भूमि को चिन्हित किया। इसके बाद अवैध रूप से निर्मित पक्का शौचालय सहित अन्य स्थायी निर्माण को बलपूर्वक ध्वस्त कर दिया गया।

कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने अतिक्रमणकर्ताओं को दोबारा कब्जा न करने की सख्त चेतावनी भी दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में पुनः अतिक्रमण पाए जाने पर और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस संबंध में तहसीलदार गरिमा भार्गव ने कहा कि सार्वजनिक भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शासन की मंशा के अनुरूप सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

अन्य खबर

कान्हा के जन्म के बाद टांडा में गूंजेगा दधिकांदव का जयघोष! तीन दिन तक उमड़ेगा आस्था का सैलाब

टांडा में पीस पार्टी का ‘मिशन संगठन’ शुरू! गुलाम सरवर संभालेंगे कमान, 3 महीने में बदलेंगे सियासी तस्वीर

“साहब! दुकान नहीं होगी तो चूल्हा कैसे जलेगा?” मछली कारोबारियों का तहसील पर धावा

error: Content is protected !!