अम्बेडकरनगर: उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं ‘पूर्वांचल के गांधी’ के नाम से विख्यात स्वर्गीय बाबू जयराम वर्मा की 122वीं जयंती के अवसर पर जनपद में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन कल किया जा रहा है। इस अवसर पर उनके जीवन दर्शन, संघर्ष और सामाजिक योगदान पर आधारित एक विशेष पुस्तक का विमोचन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
सामाजिक कार्यकर्ता अरविन्द कुमार वर्मा (माता सावित्री फाउंडेशन) ने बताया कि बाबू जयराम वर्मा का जीवन सादगी, ईमानदारी और सेवा भाव का प्रतीक रहा है। स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर सामाजिक उत्थान और शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान अविस्मरणीय है। इन्हीं पहलुओं को समेटते हुए उनके जीवन पर आधारित पुस्तिका का विमोचन उनके पैतृक आवास ग्राम बड़ागांव इब्राहिमपुर, टांडा में किया जाएगा। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को बाबूजी के विचारों, मूल्यों और संघर्षों से अवगत कराना है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, पुस्तक विमोचन समारोह बुधवार, 4 फरवरी को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक आयोजित होगा। समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ शिक्षा, सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़ी अनेक गणमान्य हस्तियां प्रतिभाग करेंगी। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों के पहुंचने की संभावना है।
उल्लेखनीय है कि बाबू जयराम वर्मा के नाम से क्षेत्र में कई शिक्षण संस्थान संचालित हो रहे हैं, जो आज भी उनके शिक्षा प्रेम और सामाजिक चेतना की सोच को आगे बढ़ा रहे हैं। उनकी 122वीं जयंती पर आयोजित यह कार्यक्रम उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और सामाजिक समरसता का संदेश देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा।




