WhatsApp Icon

नववर्ष : आत्ममंथन, सवाल का भय, संकल्प और सामाजिक उत्तरदायित्व

Sharing Is Caring:

अम्बेडकरनगर: नववर्ष केवल कैलेंडर के पन्ने बदलने का नाम नहीं है, बल्कि यह आत्ममंथन, नई आशाओं और सकारात्मक संकल्पों का प्रतीक भी है और सवाल पूंछने के भय से निकलने की उम्मीद भी है। बीता हुआ वर्ष हमें अनेक अनुभव देकर गया है, कुछ सुखद, कुछ कष्टदायक, पर सभी हमें कुछ न कुछ सिखाने व हमारे व्यक्तित्व को निखारने निखारने का काम भी किया है। ऐसे में नया साल हमें यह अवसर देता है कि हम व्यक्तिगत जीवन के साथ-साथ सामाजिक जीवन में भी सुधार और बदलाव का संकल्प लेने के लिए प्रेरित करता है।


हमें लगता है आज का समय सभी के लिए अनेक चुनौतियों से घिरा है। सामाजिक विषमता, बेरोज़गारी, पर्यावरण संकट, बढ़ती असहिष्णुता और डिजिटल युग में मानवीय संवेदनाओं का क्षरण- ये सभी हमारे सामने गंभीर प्रश्न खड़े करते हैं। नववर्ष का स्वागत केवल उत्सव और आतिशबाज़ी एवं डिजिटल कॉपी पेस्ट तक सीमित न रहे, बल्कि यह सोचने का समय हो कि हम एक बेहतर, अधिक न्यायपूर्ण और संवेदनशील समाज के निर्माण में क्या योगदान दे सकते हैं।
सबसे पहले आवश्यकता है मानवीय मूल्यों को पुनः केंद्र में लाने की। सहानुभूति, आपसी सम्मान, संवाद और सहयोग—इनके बिना कोई भी समाज आगे नहीं बढ़ सकता। मतभेद स्वाभाविक हैं, पर उन्हें शत्रुता में बदलने के बजाय समझ और सहिष्णुता से सुलझाना ही सभ्य समाज की पहचान है। नववर्ष हमें यह संकल्प लेने को प्रेरित करे कि हम नफरत नहीं, बल्कि सद्भाव फैलाने का माध्यम बनेंगे।
युवाओं की भूमिका इस परिवर्तन में निर्णायक है, युवा पीढ़ी को नशे की लत से किनारे करते हुए नई ऊर्जा, नई सोच और तकनीक की समझ के साथ युवा यदि शिक्षा, नवाचार और सामाजिक सेवा को अपना लक्ष्य बनाएं, तो देश की दिशा बदली जा सकती है। वहीं बुज़ुर्गों के अनुभव और महिलाओं की समान भागीदारी को सम्मान दिए बिना समावेशी विकास संभव नहीं। नववर्ष पर हमें लैंगिक समानता और अवसरों की समान उपलब्धता का भी संकल्प लेना चाहिए।
देश व समाज की खुशहाली के लिए पर्यावरण संरक्षण आज केवल विकल्प नहीं, बल्कि अनिवार्यता है। स्वच्छ हवा, स्वच्छ जल और हरित धरती आने वाली पीढ़ियों का अधिकार है। छोटे-छोटे कदम—जैसे प्लास्टिक का कम उपयोग, जल-ऊर्जा की बचत, वृक्षारोपण—भी बड़े परिवर्तन का आधार बन सकते हैं। नववर्ष हमें प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर जीने की सीख दे।
अंततः, नववर्ष का वास्तविक उत्सव तब सार्थक होगा जब हम अपने कर्तव्यों को अधिकारों जितना ही महत्व दें। ईमानदारी, परिश्रम और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ यदि हर नागरिक अपना योगदान दे, तो चुनौतियाँ अवसरों में बदली जा सकती हैं।
आइए, इस नववर्ष पर हम केवल शुभकामनाएँ न बाँटें, बल्कि ऐसे संकल्प लें जो हमारे समाज को अधिक मानवीय, समतामूलक और उज्ज्वल भविष्य की ओर ले जाएँ। यही नववर्ष की सच्ची शुभकामना है, सूचना न्यूज़ टीम की तरफ से आप सभी को नववर्ष की ढेर सारी शुभकामनाएं इस संदेश के साथ कि नव वर्ष हमें सवाल पूंछने के भय से बाहर निकले और हम स्वयं से भी अपनी सामाजिक जिम्मेदारी का सवाल करें। (संपादकीय- आलम खान 8090884090)

अन्य खबर

बसखारी पुलिस का बड़ा वार: शातिर मोबाइल चोर गैंग का भंडाफोड़, लाखों के फोन बरामद

बीमारी पर ब्रेक, सेहत का फुल फ्री चेकअप: सुपर स्पेशलिस्ट मेगा मेडिकल कैम्प में इलाज व दवा मुफ्त

घाघरा में कूदा मूक-बधिर युवक, घंटों बाद भी नहीं लगा सुराग —सर्च ऑपरेशन जारी

error: Content is protected !!

We use cookies for analytics and advertising. By continuing to use this site, you consent to our use of cookies.