अम्बेडकरनगर: बीते कुछ वर्षों से क्षेत्र में शादी-विवाह के आयोजनों के दौरान चोर-उचक्कों और टप्पेबाज़ों की सक्रियता बढ़ गई है, जिसके कारण लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। पिछले सप्ताह जैतपुर थाना क्षेत्र में द्वार-पूजा के दौरान दूल्हे के पिता से रुपए से भरा बैग लेकर कुछ उचक्के फरार हो गए थे। इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे।
इसी क्रम में जलालपुर कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने क्षेत्र में आयोजित होने वाले शादी-विवाह कार्यक्रमों में सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सभी हल्का सिपाहियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में होने वाले आयोजनों में सक्रिय रूप से मौजूद रहें। कोतवाल ने वर एवं वधू पक्ष से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध या अंजान व्यक्ति के दिखाई देने पर तुरंत स्थानीय पुलिस अथवा डायल 112 पर सूचना दें, ताकि तत्काल और प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
जलालपुर कोतवाल संतोष कुमार सिंह के इस दूरदर्शी कदम के बाद क्षेत्रवासियों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। साथ ही उन्होंने यह भी सलाह दी है कि शादी समारोह में मिलने वाले नकद उपहार एवं आभूषणों को केवल विश्वसनीय व्यक्तियों की देखरेख में ही सुरक्षित रखा जाए।




