अम्बेडकरनगर: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के दौरान जहां पूरा क्षेत्र श्रद्धा और भक्ति में डूबा रहा, वहीं चोरों ने इस मौके का फायदा उठाते हुए गौरा कमाल में बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार जलालपुर स्वास्थ्य विभाग में तैनात सरिता सिंह अपने परिवार के साथ छठ पूजा में शामिल होने के लिए शिवाला घाट गई थीं। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके गौरा कमाल स्थित नवनिर्मित मकान के मुख्य गेट का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया। चोरों ने घर के अंदर मौजूद कमरों व अलमारियों के ताले तोड़कर लाखों रुपये मूल्य के जेवरात और हजारों रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया।सुबह पूजा संपन्न कर जब परिवार घर लौटा तो मुख्य गेट का ताला टूटा देखकर उनके होश उड़ गए। भीतर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। तत्काल पीड़ित परिवार ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ितों से शिकायती पत्र लेकर जांच शुरू कर दी।
इस संबंध में जलालपुर कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने बताया कि “मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”




